द फॉलोअप डेस्क
शुभेंदू अधिकारी पश्चिम बंगाल के नये मुख्यमंत्री होंगे। भवानीपुर में ममता बनर्जी को हराने वाले शुभेंदू अधिकारी, बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की पहली सरकार के मुखिया होंगे। शुभेंदू अधिकारी ने हालिया विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम और भवानीपुर सीट पर जीत हासिल की। उन्होंने 2021 के विधानसभा चुनाव में भी ममता बनर्जी को हराया था। शुभेंदू अधिकारी कभी ममता बनर्जी के सबसे करीबी लीडर हुआ करते थे। उनको ममता बनर्जी का दाहिना हाथ समझा जाता था, लेकिन जब टीएमसी में ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी का दखल बढ़ता तो शुभेंदू अधिकारी दूर होते चले गये और आखिरकार भारतीय जनता पार्टी ज्वॉइन कर ली।

भवानीपुर में ममता बनर्जी को 15000 वोट से हराया
शुभेंदू अधिकारी ने हालिया संपन्न विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी को भवानीपुर में 15000 से ज्यादा मतों से हराया। शुभेंदू अधिकारी को 2011 से 2020 तक पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार में कई अहम मंत्रालयों को संभालने का अनुभव है। बतौर राजनेता उनको कुशल संगठनकर्ता के रूप में जाना जाता है।

गृहमंत्री अमित शाह ने शुभेंदू अधिकारी के नाम की चर्चा
आज गृहमंत्री अमित शाह की अगुवाई में हुई बीजेपी विधायक दल की बैठक में शुभेंदू अधिकारी को नेता चुन लिया गया। अमित शाह ने कहा कि सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से शुभेंदू अधिकारी के नाम पर मुहर लगाई। उन्होंने कहा कि मैं शुभेंदू अधिकारी को पश्चिम बंगाल विधानमंडल दल के नेता के रूप में निर्वाचित करता हूं। आज नव-निर्वाचित विधायक अशोक डिंडा ने भी कहा था कि हमलोग शुभेंदू अधिकारी को ही सीएम के रूप में देखना चाहते हैं।