logo

बड़ी खबर :  हाथरस में सत्संग के दौरान मची भगदड़, 122 की मौत; 150 से अधिक घायल 

hathras1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सिकंदराराऊ कस्बे के फुलरई गांव में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां भोले बाबा का सत्संग चल रहा था। बताया गया है कि सत्संग समाप्त होने के बाद यहां से जैसे भी भीड़ निकलना शुरू हुई तो भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में महिलाएं और बच्चे बुरी तरह कुचलते चले गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में खबर लिखे जाने तक 122 लोगों के मौत की खबर है।यह आंकड़ा अभी बढ़ भी सकता है। 150 से अधिक लोग घायल हुए हैं।  वहीं सीएम योगी ने भी हादसे का संज्ञान लिया है।

सीएम योगी ने दुख जताया

सीएम योगी ने घटना पर दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों के उचित उपचार के भी निर्देश दिए हैं।

निकलने के दौरान मची भगदड़

प्रत्यक्षदर्शी ज्योति ने बताया- हम लोग शांति सत्संग में गए थे। सत्संग खत्म होने के बाद हम लोग निकलने लगे। भीड़ बहुत ज्यादा थी, तभी अचानक भगदड़ मच गई। जिससे कई लोग एक दूसरे पर गिर गए। कई लोगों की जान चली गई। मेरे साथ आए कई लोगों की जान चली गई है। मैं भी दब गई थी। लगा था कि मौत हो जाएगी, लेकिन किसी तरह से बच गई।

बस-टैंपों में लादकर अस्पताल लाए गए घायलों-मृतकों

हादसा फुलरई गांव में हुआ है। हादसे के बाद जैसे-तैसे घायलों और मृतकों को बस-टैंपों में लादकर अस्पताल ले जाया गया। सीएम योगी ने मुख्य सचिव मनोज सिंह और डीजीपी प्रशांत कुमार को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया। घटना के कारणों की जांच के लिए एडीजी आगरा और अलीगढ़ कमिश्नर की टीम गठित की गई है।

 

Tags - Uttar PradeshUttar pradesh newsStampede broke out during satsang in Hathras