logo

कर्नाटक : 'भारत जोड़ो यात्रा' में शामिल हुईं सोनिया गांधी, मां के जूतों के फीते बांधते दिखे राहुल 

रहूो.jpg

डेस्कः 
कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' आज कर्नाटक के मांड्या जिले में फिर शुरू हुई । यात्रा में पहली बार कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी शामिल हुईं। इस दौरान एक बेहद सुंदर तस्वीर सामने आई। यात्रा के दौरान सोनिया गांधी के जूते का फीता खुल गया था जिसे राहुल गांधी उन्हें बांधते दिखे। इसका फोटो वायरल हो रहा है। कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष व राज्य के पूर्व मंत्री डीके शिवकुमार ने इस मौके पर कहा कि विजयादशमी के बाद अब राज्य में कांग्रेस की विजय होगी। कर्नाटक में आज भारत जोड़ो यात्रा पांडवपुरा से नागमंगला तालुका तक जाएगी।


कार्यकर्ताओं का उत्साह कई गुना बढ़ा 
बता दें कि सोनिया गांधी सोमवार दोपहर मैसूरू पहुंची थीं। मंगल व बुधवार को दो दिन भारत जोड़ो यात्रा का अवकाश था। आज फिर यात्रा शुरू हुई तो सोनिया गांधी भी शामिल हुई। इससे कार्यकर्ताओं का उत्साह कई गुना बढ़ गया। भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत के वक्त सोनिया गांधी विदेश में अपना इलाज करवा रही थीं। हालिया चुनावों में सोनिया गांधी स्वास्थ्य कारणों से चुनाव प्रचार में शामिल नहीं हुई थीं। लंबे समय बाद वे कार्यकर्ताओं के बीच शामिल हुई हैं। करीब पांच माह चलने वाली भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक जाएगी। राहुल गांधी 3570 किलोमीटर की इस पूरी यात्रा में शामिल रहेंगे। 


पार्टी और मजबूत होगी
इस मौके पर कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, "यह ऐतिहासिक क्षण है कि सोनिया गांधी जी इस यात्रा में शामिल हुई हैं. इससे पार्टी कर्नाटक में और मजबूत होगी" राहुल गांधी और कांग्रेस के कई अन्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने 7 सितंबर को कन्याकुमारी से 'भारत जोड़ो यात्रा' की शुरुआत की थी। इन दिनों यात्रा कर्नाटक में है। यात्रा का समापन कश्मीर में होगा। पार्टी ने राहुल समेत उन 119 नेताओं को 'भारत यात्री' नाम दिया है, जो पदयात्रा करते हुए कश्मीर तक जाएंगे।