logo

हैदराबाद के गोलकुंडा में रहेंगे झारखंड के सत्तापक्ष के विधायक

a796.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

झारखंड में सत्तापक्ष के विधायकों को गोलकुंडा में रखा जा रहा है। बता दें कि गोलकुंडा एक एतिहासिक नगरी है। यह पर्यटन स्थल के रूप में भी विख्यात है। हैदराबाद शहर से 5 किमी दूर गोलकुंडा में कई 5 स्टार होटल और रिसॉर्ट हैं। गौरतलब है कि गुरुवार की देर शाम रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से सत्तापक्ष के विधायकों को 2 विशेष चार्टेड विमान से हैदराबाद ले जाया गया। झारखंड में जारी सियासी संकट जब तक स्थिरता की ओर लौटता नहीं दिखाई देता, विधायक हैदराबाद में रहेंगे। इस दौरान विधायक दल का नेता चुने गये चंपई सोरेन के साथ प्रदीप यादव, विनोद सिंह, आलमगीर आलम और सत्यानंद भोक्ता फिलहाल रांची में ही रहेंगे। अब बड़ा सवाल यह है कि विधायकों को हैदराबाद ही क्यों ले जाया गया है? दरअसल, झारखंड में हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी और इस्तीफे के बाद अब राज्य में पिछले तकरीबन 24 घंटे से कोई सरकार नहीं है। चंपई सोरेन ने सरकार बनाने का दावा पेश किया जिसे राज्यपाल की मंजूरी नहीं मिली है। अब नई सरकार के गठन में हर 1 घंटे की देरी से विधायकों की खरीद-फरोख्त की आशंका मजबूत हो रही है। इसलिए एहतियातन विधायकों को हैदराबाद ले जाया जा रहा है।


हेमंत सोरेन को जमीन घोटाला केस में हुई गिरफ्तारी
गौरतलब है कि बुधवार देर शाम तकरीबन 5 बजे ही ईडी ने हेमंत सोरेन को जमीन घोटाला केस में पूछताछ के दरम्यान हिरासत में ले लिया था। कुछ घंटों बाद ईडी अधिकारियों के साथ राजभवन जाकर उन्होंने राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया। चंपई सोरेन के पत्र के मुताबिक राज्यपाल ने रात 8:45 बजे इस्तीफा मंजूर कर लिया था। तुरंत बाद विधायक दल का नेता चुने गये चंपई सोरेन ने राज्यपाल को विधायकों का समर्थन पत्र सौंपते हुए सरकार बनाने का दावा पेश किया लेकिन राज्यपाल ने वक्त लेने की बात कही। गुरुवार को भी दोपहर में चंपई सोरेन ने राज्यपाल को पत्र लिखकर मिलने का समय मांगा। शाम 5:30 बजे उनकी राज्यपाल से मुलाकात की जहां कहा गया कि मैं विधि-विशेषज्ञों से राय ले रहा हूं। कल बताऊंगा। इसके बाद सर्किट हाउस में ठहरे विधायकों को बस में बिठाकर एयरपोर्ट लाया गया और वहां से विशेष विमान के जरिये हैदराबाद रवाना किया गया।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N\