द फॉलोअप डेस्क
नेपाल-चीन सीमा पर रासुवागढ़ी क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ के बाद भारी तबाही मची हुई है। नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, बाढ़ प्रभावित इलाकों से अब तक 165 शव बरामद किए जा चुके हैं। शवों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। इसी बीच रांची के कोकर निवासी 41 वर्षीय राम प्रसाद घोष के भी बाढ़ के बाद से लापता होने की सूचना सामने आई है।
करीब दो महीने पहले काम के सिलसिले में गए थे नेपाल
राम प्रसाद घोष करीब दो महीने पहले काम के सिलसिले में काठमांडू गए थे। वह वहां एक कंपनी के प्रोजेक्ट में कार्यरत थे और करीब 200 भारतीय कर्मचारियों के साथ एक कैंप में रह रहे थे। बताया गया है कि जिस इलाके में कंपनी का प्रोजेक्ट चल रहा था, वह भटार मुख्य बाजार के पास स्थित है। बाढ़ के बाद से कैंप में रह रहे कई कर्मचारियों की स्थिति को लेकर चिंता बनी हुई है।
मंगलवार रात परिवार से हुई थी बातचीत
परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात राम प्रसाद घोष की परिवार के लोगों से बातचीत हुई थी। इसके बाद बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे उन्होंने परिवार को संदेश भी भेजा था। इसके बाद से उनका मोबाइल संपर्क नहीं हो पाया है। परिवार लगातार उनसे संपर्क करने और उनकी स्थिति की जानकारी हासिल करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन अब तक उनके सुरक्षित होने की कोई पुख्ता सूचना नहीं मिली है।.jpeg)
तेज बहाव में बह गई कर्मचारियों से भरी बस
परिवार को कंपनी के दीपक नामक व्यक्ति से मिली जानकारी के अनुसार, बाढ़ आने के बाद कैंप में मौजूद कर्मचारियों ने सुरक्षित स्थान की ओर जाने की कोशिश की। कुछ कर्मचारियों ने बस के जरिए वहां से निकलने का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि बस बह गई। इस दौरान कुछ कर्मचारी पहाड़ की ओर भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। जानकारी के मुताबिक, कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए बुधवार को बचाव अभियान चलाया जा रहा था। कैमरा क्षेत्र में भी कुछ लोगों के दिखाई देने की सूचना मिली है। हालांकि राम प्रसाद घोष के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
कोकर में परिवार को राम प्रसाद के सुरक्षित लौटने की उम्मीद
राम प्रसाद घोष कोकर स्थित हैदर अली रोड में अपने पिता रंजीत कुमार घोष, बड़े भाई देव प्रसाद घोष, पत्नी दित्या घोष और दो बच्चों के साथ रहते हैं। करीब दो महीने पहले नौकरी के सिलसिले में नेपाल गए राम प्रसाद के अचानक लापता होने की खबर से परिवार में चिंता का माहौल है। परिजन लगातार बचाव अभियान और राम प्रसाद की तलाश से जुड़ी जानकारी पर नजर बनाए हुए हैं। परिवार को उम्मीद है कि राम प्रसाद किसी सुरक्षित स्थान पर होंगे और जल्द ही उनसे संपर्क हो सकेगा।