logo

Chandigarh : चरणजीत सिंह चन्नी ने राज्यपाल को सौंपा अपना इस्तीफा, पढ़िए करारी हार पर क्या बोले

CHANNI5.jpg

चंडीगढ़: 

पंजाब के मौजूदा मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी शुक्रवार की सुबह राजभवन पहुंचे। चरणजीत सिंह चन्नी कुछ कार्यकर्ताओं के साथ चंडीगढ़ स्थित राजभवन पहुंचे। यहां चन्नी ने अपना इस्तीफा राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित को सौंप दिया। गौरतलब है कि हालिया विधानसभा चुनाव में पंजाब में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है। 

चरणजीत सिंह चन्नी ने दिया इस्तीफा
राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित को इस्तीफा सौंपने के बाद राजभवन से बाहर निकले चरणजीत सिंह चन्नी मीडिया से मुखातिब हुए। चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि मैंने अपना इस्तीफा राज्यपाल को दे दिया है। राज्यपाल ने मुझे और मेरी कैबिनेट को नई सरकार के शपथ ग्रहण तक बने रहने के लिए कहा है। चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि मैं जनादेश को स्वीकार करता हूं। 

आप आदमी पार्टी को मिला है बहुमत
बता दें कि हालिया पंजाब विधानसभा चुनाव का परिणाम 10 मार्च को आया। पंजाब में आम आदमी पार्टी ने एतिहासिक जीत हासिल की। आप ने बहुमत के आंकड़े से काफी ज्यादा 92 सीटों पर जीत हासिल की है, वहीं कांग्रेस को महज 18 सीटें मिली। भारतीय जनता पार्टी यहां महज 2 सीटें जीत पाई। कांग्रेस के बुरे हाल का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि निवर्तमान मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी अपनी दोनों सीटें (भदौड़ औऱ चमकोर साहिब) हार गये। 

आप की आंधी में उखड़ गये सभी दिग्गज
आम आदमी पार्टी की आंधी में कई दिग्गज उखड़ गये। अमृतसर पूर्वी सीट से नवजोत सिंह सिद्धू हार गये। शिरोमणि अकाली दल के प्रकाश सिंह बादल और सुखबीर सिंह बादल को भी हार का सामना करना पड़ा। पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को भी हार का सामना करना पड़ेगा।