logo

गर्लफ्रेंड को मारा, फिर पॉलिथिन बैग में लाश ठिकाने निकला अमित; बाइक से रिसते खून से पकड़ा गया 

गर्लफ्रेंड को मारा, फिर पॉलिथिन बैग में लाश ठिकाने निकला अमित; बाइक से रिसते खून से पकड़ा गया 

द फॉलोअप डेस्क:

प्रेमी, अपनी प्रेमिका की लाश बोरे में डालकर बाइक पर फेंकने जा रहा था। वो अपने मकसद में कामयाब हो भी जाता, लेकिन खून के लाल गाढ़े धब्बों ने उसके काले करतूतों की पोल खोल दी। पुलिस ने रोककर तलाशी ली तो एक खौफनाक हत्याकांड से पर्दा उठ गया। पुलिस की छानबीन में इश्क के दर्दनाक अंत की ऐसी कहानी सामने आई, जिसे सुनकर अधिकारियों के भी होश उड़ गये। मामला पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिला अंतर्गत बाघमुंडी थानाक्षेत्र का है। कत्ल की इस खौफनाक कहानी के 2 मुख्य किरदार हैं। कातिल, अमित कुमार महतो और जान गंवाने वाली प्रितिका महतो। प्रितिका, इस दुनिया में नहीं है और अमित सलाखों के पीछे है। 

शनिवार देर रात को लाश ठिकाने निकला था
बड़ा सवाल है कि पुलिस ने इस खौफनाक वारदात का खुलासा कैसे किया। दिन शनिवार का था और रात के करीब सवा 12बजे थे। बाघमुंडी के पीपीएसपी कार्यालय के सामने पुलिस के जवान गश्त पर थे, तभी उन्हें एक बाइक सवार युवक नजर आया। बाइक पर काफी बड़ा पॉलिथिन बैग लदा था। इतनी रात गये युवक का अकेले इतना बड़ा पॉलिथिन बैग लेकर सफर करना शक करने की पहली वजह बना। पुलिस ने युवक को रोका और पास गई तो जो दिखा, उससे जवानों के होश फाख्ता हो गये।

पॉलिथिन बैग पर न केवल खून के धब्बे थे, बल्कि खून रिसकर नीचे भी गिर रहा था। जवानों ने कड़ाई से सवाल किया कि बैग में क्या है तो युवक ने बेहद ठंडे आवाज में जवाब दिया कि इसमें एक लड़की की लाश है। पुलिस ने फिर सवाल किया, कौन लड़की। जवाब मिला, मेरी गर्लफ्रेंड। 

साफ था कि युवक ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी है। अब उसकी लाश को ठिकाने लगाने जा रहा था। लेकिन कहानी इतनी भर तो नहीं थी। इश्क खौफनाक अंजाम तक पहुंचा था, लेकिन कभी इसका आगाज भी तो हुआ होगा। अमित और प्रितिका कब मिले। कहां मिले। कब उनमें इश्क हुआ और फिर क्या वजह रही कि जिस अमित ने कभी जिगर का टुकड़ा गया था, उसी ने प्रितिका का कत्ल कर दिया। 

कोचिंग संस्थान में हुई थी अमित-प्रितिका की दोस्ती
पुलिस की आरंभिक पूछताछ में पता चला है कि बाघमुंडी थानाक्षेत्र के हुरुमदा गांव का रहने वाला अमित कुमार महतो पढ़ाई और नौकरी की तैयारी के सिलसिले में  तमना थानाक्षेत्र के एक मेस में रहता था। अमित जिस कोचिंग संस्थान में  पढ़ने जाता था, वहीं प्रितिका भी पढ़ाई करती थी। अमित और प्रितिका कोचिंग में मिले। हाय-हेलो से दोस्ती शुरू हुई और फिर प्यार हो गया। दोनों लंबे समय से रिलेशनशिप में थे। 

रिलेशनशिप में तनाव होने का दावा किया
पुलिस को अमित ने बताया कि उसका प्रितिका संग रिश्ता कुछ समय से तनाव में चल रहा था। दरअसल, अमित को शक था कि प्रितिका किसी और लड़के से भी संपर्क में है। शनिवार को प्रितिका, अमित  से मिलने उसके मेस पहुंची थी। दूसरे युवक से संबंधों को लेकर अमित और प्रितिका का झगड़ा हुआ। कहा जा रहा है कि झगड़े के बीच अमित ने आपा खो दिया और गला दबाकर प्रितिका की हत्या कर दी। 

पुलिस ने अदालत से मांगी आरोपी की रिमांड
हत्या करने के बाद अमित ने प्रितिका की लाश को पॉलिथिन बैग में डाला और बाइक पर लादकर ठिकाने लगाने निकल पड़ा। हालांकि, पुलिस की सतर्कता ने उसे अपने नापाक मंसूबे में सफल नहीं होने दिया। पॉलिथिन बैग से रिसते खून ने उसकी पोल खोल दी। पुलिस ने प्रितिका की लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। आरोपी अमित को गिरफ्तार कर पुरुलिया जिला अदालत में  पेश किया गया।

पुलिस ने अदालत से अमित की 10 दिन की रिमांड मांगी है, ताकि वारदात की विस्तृत जानकारी हासिल की जा सके। 
 

Tags - Boyfriend killed GirlfriendGirlfriend MurderWest BengalCrime News