logo

Delhi : "लाखों लोगों के दिलों में जिंदा रहेंगे शिंजो आबे", भारत वापसी से पहले टोक्यो में बोले पीएम मोदी

a2520.jpg

डेस्क: 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जापान यात्रा संपन्न हो गई। पीएम मोदी जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की राजकीय अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने टोक्यो गए थे। यहां पीएम मोदी ने दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे को श्रद्धांजलि दी। पीएम ने कहा कि जब मैं इस साल की शुरुआत में टोक्यो आया था तो कभी नहीं सोचा था कि मैं पूर्व पीएम आबे की राजकीय अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए वापस आऊंगा। पीएम ने शिंजो आबे के बारे में कहा कि वे महान नेता, असाधारण व्यक्ति और भारत-जापान की मित्रता में विश्वास रखने वाले शख्स थे। वे लाखों लोगों के दिलों में जिंदा रहेंगे। 

 

अंरिदम बागची ने यात्रा समापन की जानकारी दी
पीएम मोदी की टोक्यो यात्रा के समापन की जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि पीएम मोदी की टोक्यो की मार्मिक यात्रा का समापन हो गया। अरिंदम बागची ने कहा कि पूर्व पीएम शिंजो आबे की विरासत और पीएम मोदी तथा जापान के मौजूदा सीएम किशिदा की प्रतिबद्धता की बदौलत भारत-जापान की साझेदारी नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी। 

 

8 जुलाई को शिंजो आबे की हत्या कर दी गई थी
गौरतलब है कि जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या इसी वर्ष 8 जुलाई को कर दी गई थी। एक शख्स ने शिंजो आबे को उस वक्त गोली मार दी थी जब वे एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। गोली लगने के बाद शिंजो आबे को एयर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने हमलावर को उसी समय गिरफ्तार कर लिया था। 

पीएम मोद ने शिंजो आबे की पत्नी से की मुलाकात
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया कि अपनी टोक्यो यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने के पश्चात अकासा पैलेस में दिवंगत शिंजो आबे की पत्नी अकी आबे से मुलाकात की। अरिंदम बागची ने कहा कि ये एक व्यक्तिगत शिष्टाचार मुलाकात थी। अकी आबे से मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने दिवंगत शिंजो आबे के साथ अपनी पुरानी यादों को साझा किया और शिंजो आबे के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। गौरतलब है कि शिंजो आबे ने जब भारत की यात्रा की थी तो उनके साथ उनकी पत्नी अकी आबे भी आई थीं। वे वाराणसी भी गए थे।