द फॉलोअप डेस्क
मुंबई के कुर्ला पश्चिम इलाके में सोमवार रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। इस हादसे में एक अनियंत्रित बस ने पैदल यात्रियों, ऑटो रिक्शा और कई वाहनों को टक्कर मार दी। भयावह हादसे में 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि 24 लोग घायल हैं। इस घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। इसमें साफ नजर आ रहा है कि कैसे बेकाबू बस अपने साथ कई लोगों को घसीटते हुए ले जा रही है। बता दें कि घटना के बाद चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। वहीं, दुर्घटना के बाद लोग भागने लगे और जोर-जोर से चिल्लाकर मदद की अपील करने लगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एक प्रत्यक्षदर्शी ने भी मामले के बारे में जानकारी दी है।चश्मदीद ने बताया कैसे हुआ हादसा
घटना के चश्मदीद ने बताया कि हादसे के समय वह रेलवे स्टेशन जाने के लिए अपने घर से निकल रहे थे। उन्होंने देखा कि बेकाबू बस कई वाहनों और पैदल यात्रियों को टक्कर मारने से पहले 200 मीटर की दूरी तक अजीब ढंग से घूम रही थी। तभी उन्होंने तेज आवाज सुनी। मौके पर जाकर देखा कि बस ने पैदल यात्रियों, एक ऑटोरिक्शा और 3 कारों सहित अन्य वाहनों को टक्कर मार दी थी। इसके बाद घटनास्थल पर कुछ शव पड़े थे। हमने ऑटो रिक्शा में सवार यात्रियों की मदद की और उन्हें भाभा अस्पताल लेकर गए। मेरे कुछ दोस्तों ने भी घायलों को राहत पहुंचाने में मदद की। लीज पर ली थी बस
वहीं, बताया जा रहा है कि कुर्ला से अंधेरी जाने वाली रूट 332 पर बस ने पुलिस वाहन को भी टक्कर मार दी। इस घटना की पुष्टि बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग के जनसंपर्क अधिकारी सुदास सावंत ने की। उन्होंने एक व्हाट्सएप मैसेज में कहा कि कृपया ध्यान दें कि बस कंट्रोल रूम दुर्घटना का पूरा विवरण एकत्र कर रही है, जो उपलब्ध होने पर सूचित कर दिया जाएगा।
इस मामले में एक अन्य अधिकारी ने जानकारी दी कि बस ओलेक्ट्रा द्वारा निर्मित 12 मीटर लंबी इलेक्ट्रिक बस थी। इसे बेस्ट ने वेट लीज पर लिया था। उन्होंने बताया कि ऐसी बसों के चालक निजी ऑपरेटर द्वारा उपलब्ध कराए जाते हैं। ताड़देव क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) के एक अधिकारी ने कहा कि बस सिर्फ 3 महीने पुरानी है, जो 20 अगस्त 2024 को ईवीई ट्रांस नाम की कंपनी के नाम पर रजिस्टर्ड की गई है।