द फॉलोअप डेस्क
NEET पेपर लीक मामले में NTA के 47 अधिकारियों पर गाज गिरी है। इन सभी को उनकी सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। साथ ही इन अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, अगले एक महीने के भीतर एजेंसी के पूरे ढांचे का पुनर्गठन किया जाएगा। विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के आधार पर NTA की कार्यप्रणाली में व्यापक बदलाव किए जाएंगे। खासतौर पर आउटसोर्सिंग व्यवस्था की समीक्षा कर उसे अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाया जाएगा, ताकि भविष्य में प्रश्न पत्र लीक जैसी घटनाओं की कोई गुंजाइश न रहे।

बड़े बदलाव किए जाने की संभावना
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सुधार प्रक्रिया के तहत 47 अधिकारियों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। इनमें से कुछ अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी शुरू की जाएगी। सरकार का मानना है कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बहाल करने के लिए जवाबदेही तय करना जरूरी है। इसके साथ ही परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र को तकनीकी रूप से मजबूत करने की तैयारी चल रही है। आने वाले समय में NTA की परीक्षा प्रणाली में कई और बड़े बदलाव किए जाने की संभावना है, ताकि देशभर में होने वाली प्रवेश परीक्षाएं निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से आयोजित की जा सकें।
