logo

छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने पुलिस ट्रक को उड़ाया, 2 जवान शहीद; कई घायल

blast_2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
छत्तीसगढ़ के सुकमा और बीजापुर बॉर्डर के पास नक्सलियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। रविवार को नक्सलियों ने पुलिस फोर्स के ट्रक को IED ब्लास्ट कर उड़ा दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस ब्लास्ट में दो जवान शहीद हो गए हैं। जबकि कुछ जवान जख्मी हो गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खबर लिखे जाने तक मिली जानकारी के अनुसार ब्लास्ट में चालक जवान विष्णु आर और सह चालक जवान शैलेंद्र शहीद हो गए। बताया जा रहा है कि घटना दोपहर करीब 3 बजे की बताई जा रही है।

राशन लेकर कैंप जा रहे थे जवान 

जानकारी के अनुसार, जगरगुंडा क्षेत्र स्थित सिलगेर कैंप से 201 कोबरा वाहिनी के जवानों का मूवमेंट ROP (रोड ओपनिंग ड्यूटी) के दौरान ट्रक और बाइक से टेकलगुडेम की ओर था। वहां रास्ते में नक्सलियों ने IED प्लांट कर रखा था। बताया जा रहा है कि ये जवान राशन लेकर जवान कैंप जा रहे थे। टेकलगुडम और इससे आगे का पूवर्ती इलाका नक्सली कमांडर हिड़मा और देवा का गढ़ है। कुछ ही महीने पहले यहां सुरक्षाबलों का कैंप स्थापित किया गया है।

महीने भर पहले थानेदार की गाड़ी आई थी IED ब्लास्ट की चपेट में

करीब महीना भर पहले बीजापुर जिले में थाना प्रभारी की गाड़ी नक्सलियों के लगाए IED की चपेट में आ गई थी। फरसेगढ़ थाना प्रभारी आकाश मसीह अपने एक जवान के साथ शासकीय काम से बीजापुर आ रहे थे। इसी दौरान नक्सलियों ने फरसेगढ़ और रानीबोदली गांव के बीच कमांड IED ब्लास्ट कर दिया। हालांकि, इस घटना में थाना प्रभारी आकाश मसीह और जवान दोनों सुरक्षित हैं। 

Tags - ChhattisgarhChhattisgarh newsNaxalites blow up police track2 soldiers martyred many injured