logo

अयोध्या में वेटिकन सिटी व मक्का से अधिक श्रद्धालु आयेंगे, UP को 25 हजार करोड़ की सालाना आय होगी 

rm2.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

अयोध्या में वेटिकन सिटी और मक्का से भी अधिक श्रद्धालु आयेंगे। इससे UP सरकार को 25 हजार करोड़ की सालाना आय होगी। इससे यूपी ही नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। एक्सपर्ट का मानना है कि अयोध्या में राम मंदिर के कारण जल्दी ही आय और रोजगार की गंगा बहने वाली है। एक अनुमान के मुताबिक अयोध्या में हर साल 5 करोड़ से अधिक श्रद्धालु पहुंचेंगे। इससे यूपी सरकार को राजस्व के रूप में लगभग 25 हजार करोड़ रुपये मिलेंगे। साथ ही धार्मिक टूरिज्म के लिहाज से अयोध्या विश्व का सबसे बड़ा केंद्र बनने वाला है। 

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने दी रिपोर्ट 

इस मामले में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने एक रिपोर्ट जारी की है। इसमें कहा गया है कि अगले एक साल में यूपी सरकार को राम मंदिर से राजस्व के रूप में लगभग 25 हजार करोड़ मिल सकते हैं। इतना राजस्व और इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मक्का और वेटिनकन सिटी में भी आते हैं। इसी तरह का अनुमान स्टॉक रिसर्च एजेंसी जेफरीज ने लगाया है। जेफरीज ने कहा है कि जल्दी अयोध्या दुनिया का नंबर एक धार्मिक पर्यटन क्षेत्र बनेगा। कहा कि इस तथ्य को ध्यान में रखकर अयोध्या में इंफ्रास्ट्रक्चर और विश्व स्तर की सुविधाएं देने का प्रयास शुरू कर दिया जाना चाहिये। हालांकि इस दिशा में कई कार्य किये जा चुके हैं। इस दिशा में सबसे पहले अय़ोध्या के इंटरनेशनल एयरपोर्ट का जिक्र किया जा सकता है।  

फिलहाल तिरूपति बालाजी मंदिर है टॉप पर  

वर्तमान समय में देश में सबसे अधिक आय आंध्र प्रदेश के तिरूपति बालाजी मंदिर से होती है। यह आय लगभग 1200 करोड़ रुपए सालान है। एक रिपोर्ट के मुताबिक यहां हर साल लगभग 2.5 करोड़ श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसी तरह वैष्णो देवी मंदिर पहुंचने वालों की संख्या 80 लाख हर साल है। राज्य सरकार को इससे 500 करोड़ की सालाना आय होती है। तीसरे नंबर पर आगरा है। यहां ताज महल से राज्य सरकार को सालाना 127 करोड़ रुपए से अधिक की आय होती है।