द फॉलोअप डेस्क
तीन साल से ज़्यादा समय तक बंद रहने के बाद, मिज़ोरम और पड़ोसी मणिपुर (Manipur) के बीच यात्री बस सेवा (Passenger Bus Services) फिर से शुरू होने जा रही हैं। मिज़ोरम (Mizoram) के परिवहन मंत्री वनलालहलाना ने मंगलवार को चालतलांग में परिवहन कार्यालय परिसर से 21 सीटों वाली दो यात्री बसों को हरी झंडी दिखाकर इस अंतर-राज्यीय बस सेवा (Inter-State Bus Service) की औपचारिक शुरुआत की। यह सेवा 1 अक्टूबर से आइजोल के पास सैरंग और मणिपुर के चुराचांदपुर ज़िले में लमका के बीच नियमित रूप से शुरू होगी।

दोनों राज्यों के बीच यात्रा आसान हो जाएगी
इस मौके पर बोलते हुए, वनलालहलाना ने मणिपुर में जातीय संघर्ष के बीच लोगों को यात्रा में होने वाली दिक्कतों पर चिंता जताई और उम्मीद जताई कि नई सेवा से दोनों राज्यों के बीच यात्रा आसान हो जाएगी। मंत्री ने पहाड़ियों में रहने वाले ज़ो समुदाय से जुड़े लोगों, जिनमें कुकी-ज़ो-हमार समुदाय भी शामिल हैं, के बीच एकता के महत्व पर भी ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि मिज़ोरम ज़ो समुदाय के लोगों के लिए एक मुख्य घर की तरह है।

रोज़ाना 21 सीटों वाली दो बसें चलेंगी
नई अंतर-राज्यीय बस सेवा से जुड़ी निजी ट्रांसपोर्ट कंपनी 'वीके टौना ट्रैवल्स' के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सियामनुनलियन वाल्टे ने लोगों को सेवा के संचालन के बारे में जानकारी दी। परिवहन विभाग के निदेशक आर. लालराममाविया ने इस रूट से जुड़े ज़रूरी नियमों और लॉजिस्टिक्स के बारे में बताया। 'वीके टौना अंतर-राज्यीय बस सेवा' के तहत, लमका और सैरंग के बीच रोज़ाना 21 सीटों वाली दो बसें चलेंगी।
.jpeg)