द फॉलोअप डेस्क
मेरठ के सदर बाजार थाना क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान हुई एक घटना ने हलचल मचा दी है। सोमवार, 14 जुलाई को कुछ युवकों ने एक बस में जमकर तोड़फोड़ की, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई तहरीर में उपनिरीक्षक गौरव कुमार ने बताया कि 4-5 युवक बस चालक से उलझ पड़े। पहले बहस हुई, फिर गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी दी गई। देखते ही देखते बस में तोड़फोड़ शुरू हो गई और शीशे चकनाचूर कर दिए गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बस क्षतिग्रस्त हालत में पाई गई और आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे। हालात संभालते हुए पुलिस ने भीड़ को हटाया और बस को वहां से हटवाया।

मामले में BNS 2023 की धारा 191(2), 352, 351(2) और 324(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
सीओ मेरठ कैंट संतोष कुमार ने बताया कि बस चालक के साथ कुछ युवकों का विवाद हुआ था और उन्होंने बस के शीशे तोड़ दिए। घटना के बाद चालक और बस को सुरक्षित निकाला गया।
पुलिस अब घटनास्थल के वीडियो फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द हिरासत में लिया जा सके। अधिकारियों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
