नई दिल्ली
भारत और यूनाइटेड किंगडम के बीच डिजिटाइजेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में सहयोग को लेकर आज संसद भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस दौरान यूके के संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने राज्यसभा के माननीय उपसभापति हरिवंश से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व यूके हाउस ऑफ कॉमन्स की उपसभापति सु नुसरत घनी ने किया। बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने संसद में तकनीकी नवाचार, डिजिटाइजेशन और एआई के जिम्मेदार उपयोग को लेकर व्यापक चर्चा की।

हरिवंश ने इस अवसर पर कहा कि भारत और यूनाइटेड किंगडम वैश्विक मंच पर संसदों के लिए प्रौद्योगिकी ढांचे को आकार देने में एक साथ नेतृत्व कर सकते हैं। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि तकनीक का लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप विकास सुनिश्चित करना दोनों देशों की साझा जिम्मेदारी है।
बैठक में दोनों पक्षों ने भविष्य में संसदीय प्रक्रियाओं में तकनीकी नवाचारों और सहयोग को और सशक्त बनाने पर सहमति जताई। यह संवाद भारत-यूके के बीच मजबूत होती रणनीतिक साझेदारी और डिजिटल युग की चुनौतियों को मिलकर सुलझाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
