logo

कानपुर हिंसा : मास्टर-माइंड हयात जफर हाशमी को मिला विदेशी फंडिंग का साथ? 3 साल में खाते में करीब 48 करोड़ आए 

hasmi.jpg

डेस्क :
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में 3 जून को कानपुर नगर के नई सड़क इलाके में हुई हिंसा में पुलिस की कार्रवाई में अब तक कई खुलासे हुए है।एक के बाद एक हो रहे खुलासे में अब आशंका जताई जा रहे है कि मास्टरमाइंड हयात जफर हाशमी और उसके साथियों को विदेश से फंडिंग की जा रही थी। सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक 2019 से हाशमी को विदेशों से फंडिंग हो रही थी।  कानपुर के बाबूपुरवा इलाके के एक प्राइवेट बैंक में 2019 को एक खाता खोला गया।  इस बैंक के अकाउंट नंबर 50014717838 में 30 जुलाई 2019 की तिथि में तीन करोड़ 54 लाख रुपये जमा किये गए।  सितंबर 2021 को 98 लाख रुपया निकाला गया। अभी इस खाते में एक करोड़ 27 लाख रुपये जमा हैं।

दो अन्य खातों में मिले रुपये 
हयात जफर हाशमी के इसी तरह अन्य दो और खातों की जानकारी जांच एजेंसियों के हाथ लगी है। इन खातों से करीब तीन सालो में 47 करोड़ 68 लाख रुपयों का लेन देन हुआ है। अब इन खातों में महज साढ़े 11 लाख रुपये ही बचे है, ये खाते 2019 में ही खोले गए थे। इसके अलावा आज कानपुर पुलिस ने हाशमी की रिमांड भी मांगी है। अब तक इस मामले में 50 आरोपियों की गिरफ़्तारी हो चुकी हैं। 

मामले में सामने आई सोशल मीडिया की भूमिका 
जारी मामले की जांच के बीच एक सोशल मीडिया ग्रुप भी सामने आया है, जिसमें लोगों को भड़काने की कोशिश की जा रही है।एक बार फिर सोशल मीडिया के माध्यम से हिंसा भड़काने वाले लोग व्हाट्सएप ग्रुप पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे हैं। हिंसा भड़काने के मामले में आरोपी नदीम कुरैशी के नाम से यह व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है। इस ग्रुप में समाजवादी पार्टी के 2 विधायकों हाजी इरफान सोलंकी जो सीसामऊ से विधायक हैं और अमिताभ बाजपेई जो आर्य नगर विधानसभा से विधायक हैं।  उनके समेत सपा जिला अध्यक्ष इमरान को एडमिन बनाते हुए ग्रुप में एक धर्म विशेष के खिलाफ अभियान चलाते हुए उनकी दुकानों से सामान ना खरीदने का ऐलान किया गया है। 

सपा विधायक की सफाई
व्हाट्सएप ग्रुप के मामले में सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने कहा कि कोई भी मुझे ग्रुप एडमिन बना सकता है। अभी तक मैं चुप था क्योंकि पुलिस अपना काम कर रही है।दरअसल, आज दोनों विधायकों के खिलाफ एक पोस्टर भी लगाए गए थे।  सपा विधायक ने इसे अपने और पार्टी के खिलाफ बीजेपी की साजिश करार दिया।