द फॉलोअप डेस्क
शनिवार सुबह उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के देवबंद थाना क्षेत्र के निहालखेड़ी गांव में एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि पूरी फैक्ट्री मलबे में तब्दील हो गई। हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7 बजे ग्रामीण अपने खेतों की ओर जा रहे थे, तभी गांव के जंगल में चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री में जबरदस्त धमाका हुआ। फैक्ट्री की दीवारें और छत पूरी तरह उड़ गईं। विस्फोट के समय फैक्ट्री में 9 लोग काम कर रहे थे। धमाके की आवाज 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। ग्रामीणों ने बताया कि जमीन हिल गई थी, जैसे भूकंप आया हो। हादसे के बाद चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल पर शवों के टुकड़े दूर-दूर तक बिखरे मिले हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। रेस्क्यू अभियान अब भी जारी है। मलबे में दबे अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारी हादसे की जांच में जुटे हैं।