द फॉलोअप डेस्क
राज्य की राजनीति में बड़ा और चौंकाने वाला उलटफेर सामने आया है। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को उनकी पारंपरिक कोलाथुर विधानसभा सीट से करीब 8 हजार वोटों से हार का सामना करना पड़ा है। इस सीट से फिल्म अभिनेता विजय की नई पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के उम्मीदवार वीएस बाबू ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। कोलाथुर सीट को राज्य की सबसे प्रतिष्ठित सीटों में गिना जाता है, जहां का चुनाव हमेशा राजनीतिक दिशा तय करने वाला माना जाता रहा है। गौरतलब है कि द्रविड़ मुनेत्र कड़गम के अध्यक्ष स्टालिन इसी सीट से 2011, 2016 और 2021 में लगातार जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। ऐसे में उनकी हार को न सिर्फ व्यक्तिगत झटका बल्कि सरकार के कामकाज पर जनता के जनमत के रूप में भी देखा जा रहा है।

224 पर तस्वीर साफ हो चुकी है
इधर रुझानों की बात करें तो राज्य की कुल सीटों में से 224 पर तस्वीर साफ हो चुकी है। तमिलगा वेत्री कड़गम 87 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है और 22 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है। वहीं द्रविड़ मुनेत्र कड़गम 51 सीटों पर आगे है और 8 सीटें जीत चुकी है। अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम 41 सीटों पर बढ़त के साथ 4 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह परिणाम तमिलनाडु की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत है, जहां नई पार्टी TVK ने आते ही मजबूत चुनौती पेश कर दी है। आने वाले समय में सरकार गठन को लेकर तस्वीर और भी दिलचस्प हो सकती है।
