द फॉलोअप डेस्कः
जयपुर में शुक्रवार सुबह अजमेर हाईवे पर बड़ा हादसा हुआ है। दरअसल एलपीजी गैस से भरे टैंकर में धमाका हो गया। हादसे में 5 लोग जिंदा जल गए। 35 लोग झुलसे हैं। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि टैंकर को एक ट्रक ने टक्कर मारी थी। टैंकर से बाहर निकलने के बाद गैस 200 मीटर दूर तक फैल गई और उसने आग पकड़ ली। इसके साथ ही पूरा इलाका आग का गोला बन गया। हादसे में 40 से ज्यादा गाड़ियां आग की चपेट में आ गईं। कई गाड़ियां ऐसी थीं जिनमें से लोगों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला। टैंकर के पीछे चल रही एक स्लीपर बस और हाईवे के किनारे मौजूद पाइप फैक्ट्री भी जल गई। धमाके और आग के कारण हाईवे बंद किया गया है। हादसे की जगह गैस फैलने से रेस्क्यू में काफी परेशानी आई।

ब्लास्ट की सूचना मिलते ही 30 से ज्यादा एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। सभी घायलों को जयपुर के सवाई मानसिंह हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा सहित कई मंत्रियों ने घटनास्थल पर हादसे के कारणों की जानकारी ली। जानकारी के अनुसार टैंकर सुबह करीब अजमेर से जयपुर की ओर आ रहा था। सुबह करीब 5.44 मिनट पर दिल्ली पब्लिक स्कूल के सामने से वह वापस अजमेर की ओर यू-टर्न ले रहा था। इसी दौरान जयपुर से आ रहा ट्रक टैंकर से भिड़ गया।

एक ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गया है। हादसे के करीब 3 घंटे बाद ट्रक की आग बुझाई जा सकी, इसके बाद पता चला कि ट्रक का ड्राइवर और खलासी ट्रक में ही थे। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।