द फॉलोअप डेस्क
मैसूरु स्थित इंफोसिस कैंपस में एक तेंदुए को देखे जाने की खबर से हड़कंप मच गया। इस घटना के बाद आईटी कंपनी ने अपने कर्मचारियों को घर से काम करने या सुरक्षित रूप से घर के अंदर रहने के निर्देश दिए हैं। कंपनी के ग्लोबल एजुकेशन सेंटर, जो मैसूरु में स्थित है, ने कर्मचारियों को तब तक सतर्क रहने को कहा है जब तक वन विभाग इस मुद्दे को हल नहीं कर लेता और क्षेत्र को सुरक्षित घोषित नहीं कर देता।

तेंदुए की उपस्थिति की पुष्टि सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से की गई है। इसके बाद वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए एक अभियान शुरू कर दिया है। मैसूरु के उप वन संरक्षक IB प्रभु गौड़ा ने बताया कि 40 कर्मियों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और तेंदुए का पता लगाने के लिए ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि “शाम ढलने के बाद तेंदुए की मौजूदगी का पता लगाने के लिए एक थर्मल ड्रोन तैनात किया जाएगा।”वर्तमान में इंफोसिस कैंपस में तलाशी अभियान जारी है, जहां 31 दिसंबर 2024 को तेंदुआ देखा गया है।
