द फॉलोअप डेस्क
कोलकाता हादसे में मरने वालों की संख्या 2 से बढ़कर 3 हो गई है। इस हादसे पर सीएम शुभेंदू अधिकारी ने दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में कहा, तारातला में ब्रेस ब्रिज के पास बन रहे एक वेयरहाउस के गिरने से हुई मौतों से मुझे गहरा दुख और सदमा पहुंचा है, इस हादसे में कई मज़दूर मलबे के नीचे दब गए थे। अब तक मलबे से 21 लोगों को निकाला जा चुका है, जिनमें से 18 घायल हैं। इस त्रासदी में गई कीमती जानों पर मेरे दुख को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। इस बेहद दुखद घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है और हम उन्हें हर संभव मदद देंगे।
.jpeg)
युद्ध स्तर पर बचाव और राहत कार्य चल रहे
सीएम ने जानकारी देते हुए बताया, फिलहाल युद्ध स्तर पर बचाव और राहत कार्य चल रहे हैं। सेना, NDRF, SDRF, कोलकाता पुलिस और KMC मिलकर बचाव अभियान चला रहे हैं ताकि मलबे में फंसे हर मज़दूर को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। मैं घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं। मैंने UDMA विभाग को पूरे ऑपरेशन में बेहतर तालमेल बिठाने का निर्देश दिया है। राज्य मंत्री डॉ. इंद्रनील खान पहले से ही घटनास्थल पर मौजूद हैं और बचाव कार्यों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे हैं। सीएम ने कहा, मैं खुद अभी घटनास्थल पर पहुंच रहा हूं ताकि ज़मीनी हालात का जायज़ा ले सकूं। कृपया प्रभावित परिवारों और बचाव कार्य में लगे लोगों को अपनी प्रार्थनाओं में याद रखें।
