logo

कोलकाता लॉ कॉलेज गैंगरेप मामला : भाजपा की टीम से वामपंथी छात्र संगठनों की झड़प, बुलानी पड़ी पुलिस  

KOL0321.jpg

कोलकाता
‘साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज’ में एक छात्रा के साथ कथित सामूहिक बलात्कार के मामले ने तूल पकड़ लिया है। सोमवार को जैसे ही भाजपा की तथ्यान्वेषी टीम कॉलेज परिसर पहुंची, बाहर पहले से मौजूद भाजपा व भाजयुमो समर्थकों और वामपंथी छात्र संगठनों के बीच तीखी झड़प हो गई।
पुलिस को हालात काबू में करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। प्रदर्शनकारी दोनों पक्ष बलात्कार के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। आरोप है कि 25 जून को कॉलेज परिसर में एक छात्रा के साथ उसके सीनियर और दो अन्य छात्रों ने मिलकर दुष्कर्म किया। इस घटना के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी और उसकी युवा इकाइयों ने कोलकाता समेत राज्य के विभिन्न जिलों— सिलीगुड़ी, एस्प्लेनेड और उत्तर बंगाल में विरोध रैलियां निकालीं। वहीं, माकपा की छात्र इकाई एसएफआई ने भी कलकत्ता विश्वविद्यालय के सामने कॉलेज स्ट्रीट पर विरोध प्रदर्शन किया।


राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से संबद्ध एबीवीपी के कार्यकर्ता भी साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज और कस्बा थाने के बाहर विरोध में जुटे। पीड़िता की शिकायत पर पूर्व छात्र मनोजीत मिश्रा समेत दो अन्य छात्र— प्रोमित मुखर्जी और जैद अहमद को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को कॉलेज के एक सुरक्षाकर्मी को भी हिरासत में लिया है। राजनीतिक रंग लेते इस मामले में जांच और विरोध प्रदर्शन दोनों तेज हो गए हैं।

Tags - Nationa। News Nationa। News Update Nationa। News।ive Country