logo

मथुरा में दर्दनाक सड़क हादसा, यमुना एक्सप्रेसवे पर कंटेनर ने 6 यात्रियों को कुचला

bus111.jpg

मथुरा
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में शनिवार तड़के यमुना एक्सप्रेसवे पर एक भयावह सड़क हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल है। घटना सुरीर थाना क्षेत्र में माइल स्टोन 88 के पास हुई। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, दिल्ली के नांगलोई से कानपुर के रसूलाबाद जा रही एक प्राइवेट बस सुबह करीब 2:45 बजे एक्सप्रेसवे से गुजर रही थी। रास्ते में कुछ यात्रियों ने लघुशंका के लिए बस रोकने का अनुरोध किया। आरोप है कि चालक ने निर्धारित ‘ग्रीन जोन’ में बस खड़ी करने के बजाय एक्सप्रेसवे के किनारे ही वाहन रोक दिया।
यात्री जैसे ही बस से उतरकर सड़क किनारे खड़े हुए, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कंटेनर ने पहले बस को टक्कर मारी और फिर नीचे खड़े यात्रियों को कुचलते हुए आगे निकल गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।

चार मृतकों की पहचान, दो की शिनाख्त बाकी
पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब तक चार मृतकों की पहचान हो चुकी है:
•    सोनू (औरैया)
•    देवेश (बस्ती)
•    असलम (कन्नौज)
•    संतोष (प्रेम नगर, दिल्ली)
दो अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। घायल अमर दुबे को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।

लापरवाही और तेज रफ्तार की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा तेज रफ्तार और सुरक्षा नियमों की अनदेखी के कारण हुआ। एक्सप्रेसवे पर निर्धारित पार्किंग क्षेत्र के अलावा वाहन रोकना नियमों के खिलाफ है। पुलिस के अनुसार, घटना के समय कोहरा नहीं था, जिससे कम दृश्यता की संभावना से इनकार किया गया है। फरार कंटेनर चालक की तलाश की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Tags - Nationa। News Nationa। News Update Nationa। News।ive Country News Breaking News।atest News Big News