द फॉलोअप डेस्क
कर्नाटक के DGP प्रवीण सूद को सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) का नए डायरेक्टर होंगे। रविवार दोपहर को उनकी नियुक्ति का ऐलान किया गया। 1986 बैच के IPS अधिकारी सूद सीबीआई के डायरेक्टर के पद पर दो साल रहेंगे। बताते चलें कि CBI के मौजूदा डायरेक्टर सुबोध कुमार जायसवाल का कार्यकाल 25 मई को समाप्त हो रहा है। कहा जा रही है कि इसी दिन सूद जॉइन कर सकते हैं। हालांकि, सूद को डायरेक्टर बनाए जाने का कांग्रेस ने विरोध किया है। मालूम हो कि कांग्रेस पूर्व में भी सूद पर आरोप लगाती रही है कि वे एक भाजपा कार्यकर्ता की तरह कार्य कर रहे हैं। मालूम हो कि कर्नाटक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने 14 मार्च 2023 को कहा था कि हमारा DGP नालायक है। उन्होंने कहा था कि वह तीन साल से DGP हैं, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता की तरह काम करते हैं। सूद ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर 25 केस दर्ज किए, लेकिन भाजपा नेताओं पर एक भी केस दर्ज नहीं किया। उन्होंने प्रवीण सूद की गिरफ्तारी की मांग भी की थी। साथ ही कहा था कि चुनाव के बाद कांग्रेस की सरकार बनी तो सूद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

तीन सदस्यीय समिति में बहुमत से हुआ फैसला
आईपीएस प्रवीण सूद को सीबीआई डायरेक्टर बनाने के मामले में बहुमत से निर्णय हुआ है। दरअसल टाइम्स ऑफ इंडिया में प्रकाशित खबर के अनुसार सीबीआई निदेशक की नियुक्ति वाली तीन सदस्यीय कमेटी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (सीजेआई) डीवाई चंद्रचूड़ के अलावा कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी भी हैं। संभावितों की सूची में सूद ही सबसे वरिष्ठन थे। इसी आधार पर पीएम और सीजेआई ने उन्हें देश की सबसे बड़ी जांच एजेंसी का डायरेक्टर बनाने पर मुहर लगाई। वहीं, लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने उनके नाम पर ऐतराज जताया। उनका ऐतराज था कि सूद आईपीएस अधिकारियों के उस पूल का हिस्सा नहीं थे जो केंद्र में डीजीपी लेवल पर सेवा के योग्य हों। फिर भी पीएम और सीजेआई की राय एक होने से सूद की दावेदारी बेहद मजबूत हो गई। यह बैठक शनिवार को हुई थी, रविवार दोपहर उनकी नियुक्ति का ऐलान हुआ।

सूद ने सरकारी स्कूल में की पढ़ाई
हिमाचल के रहने वाले प्रवीण सूद महज 22 साल की उम्र में ही आईपीएस बन गए थे। सूद के पिता ओम प्रकाश सूद दिल्ली सरकार में क्लर्क और मां कमलेश सूद दिल्ली के सरकारी स्कूल की टीचर थीं। वहीं, सूद की स्कूलिंग दिल्ली के सरकारी स्कूल से ही हुई। इसके बाद IIT दिल्ली से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बी टेक किया। 1986 में वे 22 साल की उम्र में IPS बने। कर्नाटक कैडर मिला। सर्विस के दौरान ही उन्होंने IIM बेंगलुरु से पब्लिक पुलिस मैनेजमेंट में MBA पूरा किया। सूद को 1996 में CM की ओर से गोल्ड मैडल मिल चुका है। इसके अलावा 2002 में पुलिस पदक और 2011 में विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति की तरफ से पुलिस पदक दिया गया था। जून 2020 में प्रवीण सूद कर्नाटक के DGP बनाए गए थे।

क्रिकेटर मयंक अग्रवाल के हैं ससुर
प्रवीण सूद की दो बेटियां हैं। एक बेटी आशिता सूद लॉ में पोस्ट ग्रेजुएट हैं। वहीं, उनकी शादी टीम इंडिया के क्रिकेटर मयंक अग्रवाल हुई है। मालूम हो कि मयंक अग्रवाल बेंगलुरु के रहने वाले हैं और घरेलू क्रिकेट में कर्नाटक के लिए खेलते हैं। मौजूदा IPL सीजन में वे सनराइजर्स हैदराबाद की टीम से खेल रहे हैं।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT