logo

जेपी नड्डा को चुना गया राज्यसभा में सदन का नेता, इनका स्थान लेंगे बीजेपी अध्यक्ष 

nadda2.jpg

द फॉलोअप नेशनल डेस्क 
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को राज्यसभा में सदन का नेता चुन लिया गया है। बताते चलें कि नड्डा राज्यसभा में पीयूष गोयल की जगह लेंगे। गोयल, इस बार 18वीं लोकसभा के लिए चुने गए हैं। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस महीने की शुरुआत में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय का कार्यभार संभाला है। उन्हें रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय का भी प्रभार दिया गया था। केंद्रीय मंत्री के तौर पर शपथ लेने के बाद यह उम्मीद की जा रही थी कि जेपी नड्डा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से हट जाएंगे, जिसे उन्होंने 2020 में मौजूदा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बाद संभाला था।

अध्यक्ष पद पर भी बने रहेंगे फिलहाल 

इस बीच सियासी हलकों में चर्चा है कि नड्डा बीजेपी के अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे। पार्टी के नियमों के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव तभी होता है जब 50 प्रतिशत राज्यों में संगठन चुनाव पूरे हो जाएं। इसमें करीब छह महीने का समय लग सकता है। गोयल लोकसभा 2024 के चुनाव में मुंबई उत्तर निर्वाचन क्षेत्र से जीतकर संसद पहुंचे हैं। वे 5 जुलाई 2010 को राज्यसभा सांसद चुने गए थे। 14 जुलाई 2021 को उन्हें सदन का नेता घोषित किया गया था। जेपी नड्डा पहली बार 3 अप्रैल 2012 को राज्यसभा के लिए चुने गए थे।

कल होगा लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव 

बता दें कि 26 जून को लोकसभा अपना अध्यक्ष चुनेगी। नई लोकसभा में अध्यक्ष का चुनाव साधारण बहुमत से होता है। अध्यक्ष के चुने जाने तक, अस्थायी रूप से आवश्यक कार्य करने के लिए एक प्रो-टेम स्पीकर नियुक्त किया जाता है। 'प्रो-टेम' शब्द से पता चलता है कि यह पद अस्थायी है। अध्यक्ष पद के लिए कोई विशेष योग्यता नहीं निर्धारित की गई है और लोकसभा का कोई भी सदस्य अध्यक्ष निर्वाचित हो सकता है। अभी तक की अनाधिकृत संसदीय परंपरा के अनुसार लोकसभा अध्यक्ष प्राय: सत्ता दल का कोई सांसद चुना जाता रहा है। 


 

Tags - JP NaddaRajya Sabha leader of the HouseBJP