logo

मां के मैरिज प्रपोजल ठुकराने से भड़का सनकी आशिक, दरांती से रेत दिया बेटे का गला

a673.jpg

द फॉलोअप डेस्क:

मध्य प्रदेश के सतना में 11 साल के शिवराज रजक उर्फ बादल की दरांती से गला काटकर हत्या कर दी गई। हत्यारोपी 45 साल का मथुरा रजक है। आरंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी, मृतक की मां द्वारा शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज था और बदले की नीयत से उसने जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया। पुलिस ने शिवराज का शव उसके घर में एक ड्रम से बरामद किया है। हत्या में इस्तेमाल की गई दरांती भी ड्रम के ऊपर रखी मिली है। पुलिस को यह भी पता चला है कि हत्याकांड से ठीक पहले मृतक की मां आशा और हत्यारोपी मथुरा के बीच बहस हुई थी। आशा ने मथुरा से कहा था कि वह उससे दूर रहे। 

 

20 अप्रैल को हुआ जघन्य हत्याकांड
जानकारी के मुताबिक हत्या की यह वारदात 20 अप्रैल को तकरीबन साढ़े 10 बजे की है, जब शिवराज घर पर अकेला था। अब तक की जांच से पता चला है कि मथुरा, घर में घुसा और दरांती से शिवराज का गला काट दिया। इसके बाद उसने लाश को नीले रंग के प्लास्टिक ड्रम में डाल दिया और उसे कपड़ों से ढंक दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद मथुरा ने घर का दरवाजा बंद किया और भाग गया। वारदात की जानकारी दोपहर को करीब डेढ़ बजे तब मिली,  जब शिवराज की बहन सेजल घर आई। सेजल ने घर का दरवाजा बंद पाया, तो अपने भाई को ढूंढ़ने लगी। उसने जब खिड़की से घर के अंदर झांककर देखा तो बल्ब और पंखा चलता हुआ पाया। अनहोनी की आशंका पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर शिवराज की लाश और खून से सनी दरांती मिली। 

मृतक बच्चे की बहन ने क्या जानकारी दी
सेजल ने बताया कि हत्यारोपी मथुरा, उसकी मां पर पिछले कुछ वर्षों से शादी करने का दबाव बना रहा था। मां आशा ने कई बार उसका प्रस्ताव ठुकरा दिया था। सेजल ने बताया कि मथुरा रजक ने परिवार को धमकी दी थी कि शादी का प्रस्ताव ठुकराने का खामियाजा शिवराज भुगदेगा। 

हत्यारोपी से गिरफ्तारी के बाद पूछताछ जारी
पुलिस ने कहा कि हत्याकांड से ठीक पहले दुकान पर आशा और मथुरा के बीच काफी गरमा-गरम बहस हुई थी। दुकान में काम करने वाले कर्मचारी ने बताया कि आशा ने मथुरा से उनके परिवार से दूर रहने को कहा था। जांच टीम का ऐसा मानना है कि बहस के तुरंत बाद मथुरा आशा के घर पहुंचा और वहां शिवराज को अकेला पाकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस, फॉरेंसिक टीम की सहायता से छानबीन में जुटी है। एडिशनल एसपी शिवेश सिंह बघेल ने बताया कि हत्यारोपी मथुरा की तलाश के लिए पुलिस की 3 टीमें लगी थीं। मथुरा की दुकान बंद है और उसने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया था। पुलिस ने मथुरा को मंगलवार की शाम को गिरफ्तार कर लिया है जहां हिरासत में उससे पूछताछ कर रही है।

आरंभिक तौर पर शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने पर बदले की नीयत से कई गई हत्या ही प्रतीत होती है। गौरतलब है कि 5वीं कक्षा के छात्र शिवराज के पिता नासिक में नौकरी करते हैं जबकि आशा घरेलु सहायिका के रूप में काम करती है। घटना वाले दिन बच्चा घर पर अकेला था। 

Tags - Madhya PradeshSatnaMurderChild Murder