logo

केंद्र के अध्यादेश पर नीतीश का साथ मिला तो बोले केजरीवाल, विपक्ष साथ दे, 2024 में खत्म हो जाएगी भाजपा

01123.jpg

द फॉलोअप डेस्क
भाजपा सरकार के खिलाफ बिहार के सीएम नीतीश कुमार विपक्षी पार्टियों को लगातार एकजुट करने में जुटे हैं। इस बीच रविवार को नीतीश कुमार एक महीने में दूसरी बार दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल से मिले। 12 अप्रैल को वे डिप्टी CM तेजस्वी यादव के साथ मिले थे। इधर, रविवार को मुलाकात के दौरान नीतीश ने अफसरों के ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर केंद्र के अध्यादेश को संविधान के खिलाफ बतायाउन्होंने कहा- एक चुनी हुई सरकार को दी गई शक्तियां कैसे छीनी जा सकती हैं? यह संविधान के खिलाफ है। हम अरविंद केजरीवाल के साथ खड़े हैं। हम देश के सभी विपक्षी दलों को एक साथ लाने की कोशिश कर रहे हैं।

केजरीवाल बोले- विपक्ष साथ दे, 2024 में भाजपा खत्म हो जाएगी
वहीं केजरीवाल ने कहा- केंद्र सरकार के अध्यादेश के खिलाफ नीतीश जी ने हमारा समर्थन किया है। अगर केंद्र इस अध्यादेश को बिल के रूप में लाता है और सभी गैर-भाजपा दल एक साथ आ जाएं तो केंद्र सरकार को राज्यसभा में हराया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो यह संदेश जा सकता है कि 2024 में भाजपा की सरकार खत्म हो जाएगी।

विपक्ष के नेताओं-मुख्यमंत्रियों से मिलेंगे केजरीवाल
केंद्र सरकार को नियम के मुताबिक, संसद में अगले 6 महीने में बिल लाना होगा। इसको लेकर केजरीवाल ने कहा कि मैं विपक्ष के सभी नेताओं और मुख्यमंत्रियों से मिलकर इस बिल के विरोध के लिए उनका समर्थन मांगूंगा। 23 मई को दोपहर 3 बजे मैं ममता बनर्जी से मिलने कोलकाता जाऊंगा। केजरीवाल 24 मई को मुंबई में उद्धव ठाकरे और 25 मई को मुंबई में ही शरद पवार से मिलेंगे। इसके बाद वे अन्य विपक्षी दलों से सिलसिलेवार मुलाकात करेंगे। केजरीवाल का कहना है कि अगर केंद्र सरकार इस अध्यादेश को कानून बनाने के लिए राज्यसभा में लाती है तो विपक्षी दल साथ दें। विपक्ष एक साथ होगा तो 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा खत्म हो जाएगी। केजरीवाल ने कहा कि नीतीश कुमार से भी मैंने इस संबंध में विपक्षी दलों के नेताओं से बात करने का निवेदन किया है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करेंhttps://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT