द फॉलोअप डेस्क
हरदोई जिले से एक अविश्वसनीय मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया ने एक महिला की ज़िंदगी में बड़ा मोड़ ला दिया। साल 2018 में अचानक घर छोड़कर गायब हुए शख्स को उसकी पत्नी ने इंस्टाग्राम की एक रील में देखा। वीडियो देखकर महिला हैरान रह गई क्योंकि उसमें उसका पति एक दूसरी महिला के साथ नजर आ रहा था।.jpeg)
पुलिस के मुताबिक, संडीला थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला की शादी 2017 में जितेंद्र कुमार उर्फ बबलू से हुई थी। अगले साल उनके बेटे का जन्म हुआ। लेकिन अप्रैल 2018 में जितेंद्र अचानक घर से लापता हो गया। परिवार ने हर जगह तलाश की और थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई। बावजूद इसके, उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया।
करीब आठ साल तक इंतजार और तलाश के बाद हाल ही में महिला ने इंस्टाग्राम पर एक रील देखी। उसमें उसने जितेंद्र को पहचान लिया। पहले तो उसे यकीन नहीं हुआ, लेकिन उसने रिश्तेदारों और जानकारों से पुष्टि की। इसी दौरान पता चला कि जितेंद्र लुधियाना में रह रहा है और उसने वहां दूसरी शादी भी कर ली है।
सोशल मीडिया इनपुट को आधार बनाकर पुलिस ने जांच शुरू की। टीम ने लुधियाना जाकर जितेंद्र को ट्रेस किया और उसे हिरासत में ले लिया। जांच में यह भी सामने आया कि वह अपनी नई पत्नी के साथ वहीं रह रहा था।.jpg)
सर्किल ऑफिसर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 82(1) (द्विविवाह) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला का बयान भी दर्ज कर लिया गया है।
यह मामला इस बात का उदाहरण है कि सोशल मीडिया केवल मनोरंजन का जरिया ही नहीं, बल्कि कई बार सालों पुराने राज़ भी उजागर कर सकता है।