logo

सिमडेगा में UP नंबर की एंबुलेंस से गांजा तस्करी का खुलासा, 83 पैकेट के साथ चार गिरफ्तार

सिमडेगा में UP नंबर की एंबुलेंस से गांजा तस्करी का खुलासा, 83 पैकेट के साथ चार गिरफ्तार

सिमडेगा: 
Simdega Latest News: सिमडेगा के कोलेबिरा थाना (Kolebira police station) क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी (narcotics smuggling) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए यूपी नंबर की एक एंबुलेंस से 83 पैकेट गांजा (Ganja) बरामद किया है। पुलिस ने एंबुलेंस चालक समेत चार संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का संबंध उत्तर प्रदेश और बिहार से बताया जा रहा है।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने चलाया वाहन जांच अभियान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोलेबिरा थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार को सूचना मिली थी कि तस्कर एंबुलेंस के जरिए गांजा की खेप ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी ने पुलिस टीम गठित की और कोलेबिरा वन विभाग चेकनाका के पास वाहन जांच अभियान शुरू कराया।

तलाशी के दौरान तीन बोरियों से मिले गांजा के पैकेट
इसी दौरान पुलिस टीम ने सिमडेगा की ओर से आ रही एक एंबुलेंस को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसके पिछले हिस्से में तीन बोरियां रखी मिलीं। संदेह के आधार पर पुलिस ने बोरियों की जांच की तो उनमें गांजा के पैकेट बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, तीनों बोरियों से कुल 83 पैकेट गांजा जब्त किया गया।

एंबुलेंस चालक समेत चार लोग गिरफ्तार
गांजा बरामद होने के बाद पुलिस ने एंबुलेंस चालक समेत चार लोगों को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए लोगों का संबंध उत्तर प्रदेश और बिहार से बताया जा रहा है। बरामद गांजा की कीमत लाखों रुपये होने का अनुमान है। हालांकि, गांजा का वास्तविक वजन और कीमत आधिकारिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

यूपी नंबर की एंबुलेंस जब्त
पुलिस ने जिस एंबुलेंस को जब्त किया है, उसका पंजीकरण नंबर UP 76 K 6783 बताया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही तस्करी के पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

मजिस्ट्रेट की निगरानी में रखी गई जब्त खेप
जब्त गांजा को स्थानीय मजिस्ट्रेट सह अंचलाधिकारी अनूप कच्छप की देखरेख में नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए रखा गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Tags - Simdega NewsJharkhand News Kolibera News UP No Ambulance Breaking News