logo

रील बनाकर घर लौट रहे थे 4 दोस्त, कार से हुई भीषण टक्कर में चारों की मौत

noida_accident.jpg

द फॉलोअप डेस्क
ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के कुलेसरा गांव के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सभी दोस्त इंस्टाग्राम पर रील बनाकर बाइक से घर लौट रहे थे, तभी उनकी बाइक की टक्कर सामने से आ रही एक तेज रफ्तार वैगनआर कार से हो गई। हादसे में चारों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के कुलेसरा पुस्ता रोड पर दोपहर करीब 1 बजे हुआ। मृतकों की पहचान सुमित (16) और लवकुश (17) निवासी कुलेसरा, मोनू ठाकुर (18) निवासी सुत्याना और रिहान (18) निवासी हल्दौनी के रूप में हुई है। सभी एक ही बाइक पर सवार थे, जो मोनू ठाकुर की थी और हाल ही में खरीदी गई थी। बाइक मोनू चला रहा था और बाकी तीन दोस्त पीछे बैठे थे। किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था।
लखनावली से कुलेसरा पुस्ता रोड की ओर आते समय तेज रफ्तार बाइक की सामने से आ रही वैगनआर कार से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों युवक सड़क पर दूर-दूर तक जा गिरे। उनके सिर, हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। एक युवक टक्कर के बाद सड़क किनारे खाई में गिर गया था, जिसे राहगीरों की मदद से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार, कार चालक को हिरासत में ले लिया गया है और वाहन को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और लोगों में गहरा शोक है।



 

Tags - reel news reel news Updates indtagram Reel updates 4 Friends Died in Noida 4 Friends making reel Died latest Noida News After making Reel 4 Friend Died reel ke Chakkar bme Maut latest updates latest trending news trending news updates latest vi