द फॉलोअप डेस्क:
Rising Food Prices: बाजार में रोजमर्रा की जरूरतों वाले खाद्य पदार्थों की कीमतें बढ़ने से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। चावल, दाल, सरसों का तेल, चीनी और मसालों के महंगे होने से अब परिवारों का महीने का बजट बिगड़ने लगा है। हालात ऐसे हैं कि लोग जरूरत के मुताबिक ही राशन खरीद रहे हैं। पहले जो ग्राहक एक बार में पांच किलो चावल खरीदकर ले जाते थे, वे अब दो से तीन किलो से ही काम चला रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि महंगाई का सीधा असर बाजार में बिक्री पर पड़ रहा है।

दाल, तेल और चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी
दुकानदार प्रमोद के मुताबिक, पिछले कुछ समय में अरहर की दाल, सरसों का तेल, चीनी, राजमा और चावल के दाम बढ़े हैं। अरहर की दाल पहले 110 से 120 रुपये किलो मिलती थी, जो अब करीब 140 रुपये किलो हो गई है। सरसों के तेल की कीमत में भी पिछले दो से तीन महीनों में 20 से 25 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। चीनी पहले 45 से 46 रुपये किलो बिकती थी, जो अब 60 से 65 रुपये तक पहुंच गई है। वहीं राजमा 130 से बढ़कर 160 रुपये किलो और शरबती चावल 60 से बढ़कर 70 से 75 रुपये किलो हो गया है। दुकानदार फुरकान बताते हैं कि हल्दी, धनिया, मिर्च और जीरा जैसे मसालों के दाम भी बढ़े हैं। उनके अनुसार, सरसों का तेल 180 से बढ़कर 210 रुपये और चावल 60 से बढ़कर 80 रुपये किलो तक पहुंच गया है।

दो हजार का राशन अब चार से पांच हजार में
खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों का सबसे ज्यादा असर घर का बजट संभालने वाली महिलाओं पर पड़ रहा है। गृहिणी फूलवती का कहना है कि पहले दो हजार रुपये में महीने भर का रसोई का सामान आ जाता था, लेकिन अब उतने ही सामान के लिए करीब चार हजार रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। वहीं चंद्रवती बताती हैं कि पहले दो हजार रुपये में घर का राशन आ जाता था, लेकिन अब पांच हजार रुपये खर्च करने के बाद भी महीने का खर्च संभालना मुश्किल हो रहा है। राजेश्वरी के मुताबिक, दाल, तेल और चीनी के दाम बढ़ने से घर का बजट प्रभावित हुआ है। लोगों का कहना है कि आमदनी में कोई खास बढ़ोतरी नहीं हुई है, लेकिन जरूरी सामान खरीदने के लिए पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। ऐसे में परिवार जरूरत के हिसाब से ही खरीदारी करने को मजबूर हैं और उन्हें उम्मीद है कि खाद्य पदार्थों की कीमतों में जल्द कमी आएगी।