द फॉलोअप डेस्क
पंजाब में AAP मंत्री संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर इस साल तीसरी बार ED का छापा पड़ा है। इसपर प्रतिक्रिया देते हुए आप मुखिया अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि बंगाल चुनाव के बाद पंजाब में पीएम नरेंद्र मोदी ईडी से रोजाना रेड करा रहे हैं। मिली खबर के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शनिवार को पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा और उनसे कथित तौर पर जुड़े कुछ अन्य लोगों के खिलाफ एक नए मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के सिलसिले में नए सिरे से तलाशी अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि जिन पांच जगहों पर छापे मारे गए, उनमें चंडीगढ़ स्थित अरोड़ा का सरकारी आवास भी शामिल है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा
छापेमारी दिल्ली और गुरुग्राम (हरियाणा) में भी की गई, जिसमें 'हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड' नाम की एक कंपनी का परिसर भी शामिल है। AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अरोड़ा के खिलाफ ED की कार्रवाई को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि पिछले कुछ सालों में केंद्र सरकार ने राज्य के साथ "दुर्व्यवहार" किया है और उस पर "दबाव" बनाया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में केजरीवाल ने आरोप लगाया, "बंगाल चुनाव खत्म होते ही मोदी जी ने पंजाब में रोज़ाना ED के छापे पड़वाने शुरू कर दिए हैं। मोदी जी ने पिछले कुछ सालों में पंजाब पर दबाव बनाया है और अलग-अलग तरीकों से पंजाबियों के साथ दुर्व्यवहार किया है।"

केंद्र की औरंगजेब से की तुलना
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मुगल बादशाह औरंगज़ेब ने भी सिख गुरुओं को सताया था, लेकिन उन्होंने लोगों को उससे बचाया। औरंगज़ेब की तरह ही, उन्होंने आरोप लगाया, "मोदी जी ने बेईमानी के चुनाव से देश के अलग-अलग हिस्सों पर कब्ज़ा कर लिया है और अब पंजाब तक पहुंच गए हैं।" पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने PM मोदी पर केजरीवाल के "औरंगज़ेब" वाले तंज का समर्थन करते हुए X पर एक पोस्ट में कहा, "आज, एक बार फिर, BJP की ED संजीव अरोड़ा के घर आई है। एक साल में यह तीसरी बार है जब BJP की ED उनके घर आई है। और पिछले एक महीने में यह दूसरी बार है। फिर भी, उन्हें कुछ नहीं मिला है।"
