द फॉलोअप डेस्क
उत्तर प्रदेश के मेरठ में कथावाचक प्रदीप मिश्रा की कथा के दौरान भगदड़ मच गई, जिसमें कई महिलाएं घायल हो गई। बताया जा रहा है कि यहां परतापुर बाईपास पर चल रही शिवमहापुराण के दौरान बेकाबू भीड़ के कारण भगदड़ हो गई। इसमें कई महिलाओं को हल्की चोटें भी आई हैं। मिली जानकारी के अनुसार, आज कथा का छठा दिन है। हर दिन लगभग डेढ़ लाख की संख्या में श्रद्धालु कथा सुनने पहुंच रहे थे। वहीं, आज श्रद्धालुओं की संख्या बढ़कर ढाई लाख पहुंच गई।महिलाओं को लगी मामूली चोटें
इस वजह से व्यवस्था बनाने में काफी दिक्कत हुई और अंदर की ओर पंडाल पूरी तरह फुल हो गया। जबकि बाहर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हो गए थे। इनमें सबसे अधिक संख्या महिलाओं की थी। वहीं, पंडाल के बाहर एकत्र श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इससे कई महिलाएं मामूली रूप से चोटिल हो गईं।हालांकि, इसे लेकर आयोजकों को कहना है कि कथा स्थल पर भगदड़ नहीं मची बल्कि बाहर ज्यादा संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। ऐसे में पंडाल के बाहर जमा श्रद्धालुओं की व्यवस्था बनाने में परेशानी हुई। बताया गया कि इस दौरान कुछ महिलाएं गिर गईं। फिलहाल, व्यवस्था बनाई जा रही है। पुलिस भी मौके पर मौजूद है। इसके अलावा जानकारी दी गई कि कथा स्थल के सभी पंडाल फुल हो चुके हैं। जितनी जनता पंडाल के अंदर थी। उससे ज्यादा पंडाल के बाहर रही। अंतिम दिन होने के कारण कई जगह बैरिकेडिंग की गई है।