द फॉलोअप डेस्क:
दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास 17 साल की नाबालिग से कथित गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम लड़की अपने 17 साल के दोस्त के साथ मंदिर गई थी। करीब 7:30 बजे दोनों पास के आस्था कुंज पार्क पहुंचे, जहां 25 से 30 साल की उम्र के तीन आरोपी खुद को पुलिसकर्मी बताकर उनके पास पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने दोनों को धमकाया और लड़की के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। रात करीब 8:45 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और लड़की को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया।
.jpeg)
एक आरोपी की पहचान पुलिस ने की
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पार्क और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसी दौरान एक आरोपी की पहचान आसिफ के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, उसे अमर कॉलोनी के डीएम ऑफिस रोड के पास पकड़ने की कोशिश की गई, जहां उसने पुलिस टीम पर कथित तौर पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया और इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

सबूतों के आधार पर घटना की जांच जारी
मामले में बाकी दो आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने इस मामले में पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर घटना की जांच कर रही है। यह मामला दिल्ली में हाल के दिनों में नाबालिगों के खिलाफ सामने आए यौन अपराधों की कड़ी में नया मामला है।