logo

उत्तर प्रदेश : फतेहपुर में धार्मिक स्थल को लेकर विवाद गहराया, मकबरे के बाहर तोड़फोड़, पुलिस ने हालात किए काबू

fpur0123.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के आबूनगर इलाके में एक धार्मिक स्थल को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। सोमवार सुबह बीजेपी जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल के आह्वान पर बड़ी संख्या में लोग पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। भीड़ ने बैरिकेडिंग तोड़कर मकबरे में प्रवेश किया, जिसके बाद दूसरे पक्ष के लोग भी वहां पहुंच गए।
कुछ लोगों पर मकबरे के बाहर तोड़फोड़ का आरोप है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। प्रशासन की ओर से मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया गया। जिला अधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का दौरा कर दोनों पक्षों से बातचीत की और भीड़ को हटाया। वर्तमान में क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब चार हजार लोग—हिंदू और मुस्लिम समुदाय के—मौके पर एकत्र हो गए थे। दोनों पक्षों के बीच विवाद की आशंका को देखते हुए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को संभाला। तनाव के बीच लोग थोड़ी देर के लिए पीछे हटे लेकिन पूरी तरह से मौके से नहीं हटे।


बीजेपी जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल ने एक दिन पहले वीडियो बयान जारी कर दावा किया था कि संबंधित स्थल मकबरा नहीं, बल्कि मंदिर है, और वहां पूजा करने की अपील की थी। उनका कहना है कि इमारत की दीवारों पर कमल के फूल, त्रिशूल जैसे धार्मिक प्रतीक मौजूद हैं। विहिप और बजरंग दल के नेताओं ने भी समर्थन व्यक्त किया था।
प्रशासन की ओर से पहले ही सतर्कता बरती गई थी। रविवार शाम को ही क्षेत्र में बैरिकेडिंग की गई और पुलिस बल तैनात किया गया। बावजूद इसके सोमवार को लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए।


गौरतलब है कि बीते गुरुवार को मठ मंदिर संरक्षण समिति ने उक्त स्थल को ठाकुरद्वारा मंदिर बताते हुए उसके सौंदर्यीकरण और नवीनीकरण की मांग को लेकर डीएम को ज्ञापन सौंपा था। वहीं, नौ अगस्त को राष्ट्रीय ओलमा काउंसिल के महासचिव तलहा आमिर ने डीएम को पत्र लिखकर बताया था कि यह स्थल अभिलेखों में मकबरा मंगी के रूप में दर्ज है और मोहम्मद अनीश इसके अधिकृत मुतवल्ली हैं।
फतेहपुर के एडीएम (वित्त एवं राजस्व) अविनाश त्रिपाठी ने कहा है कि स्थल की वास्तविक स्थिति अभिलेखों की जांच के बाद स्पष्ट की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Tags - Nationa। News Nationa। News Update Nationa। News।ive Country