द फॉलोअप डेस्क, रांची:
उत्तराखंड में राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमे को राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए कांग्रेस पार्टी ने झारखंड के सभी जिलों में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने उत्तराखंड में भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। दरअसल, यह पूरा विवाद पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी रैली के बाद बीजेपी और राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ के कार्यकर्ताओं द्वारा कथित शुद्धिकरण अनुष्ठान से जुड़ा है। कांग्रेस ने इसे सामाजिक और संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ किया गया कृत्य बताया है। राहुल गांधी ने प्रेस कांफ्रेंस करके कथित शुद्धिकरण अनुष्ठान में शामिल कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन आरोप है कि हल्द्वानी सिटी कोतवाली में उनके खिलाफ ही केस दर्ज कर लिया।

कांग्रेस ने राज्य मशीनरी का दुरुपयोग कहा
कांग्रेस ने इसे राज्य मशीनरी के दुरुपयोग और प्रतिशोध की राजनीति बताते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी का कहना है कि सामाजिक अन्याय, जातिगत भेदभाव और दलितों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाने वालों को दबाने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। सी मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने सभी प्रदेश कांग्रेस समितियों को राज्य मुख्यालयों तथा जिला कांग्रेस समितियों को जिला मुख्यालयों पर विरोध मार्च आयोजित करने का निर्देश दिया है।

उत्तराखंड में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हो कार्रवाई!
पार्टी ने प्रदर्शन के माध्यम से राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR का विरोध करने के साथ-साथ उत्तराखंड में कथित रूप से विवादित कृत्य में शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग उठाने का निर्णय लिया है। कांग्रेस ने कहा है कि संविधान में निहित सामाजिक न्याय और समानता के मूल्यों की रक्षा के लिए उसका संघर्ष जारी रहेगा।