द फॉलोअप डेस्क
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ मेले की धूम है। यहां हर रोज लाखों की संख्या में श्रद्धालु देश-विदेश से पवित्र संगम में डुबकी लगाने पहुंच रहे हैं। यह मेला एक महीने के भीतर करीब 44 करोड़ लोगों को आकर्षित कर चुका है। इस विशाल श्रद्धालु समूह में कुछ महिलाएं ऐसी भी हैं, जिनकी यात्रा विशेष और यादगार बन गई है। इन महिलाओं ने महाकुंभ के दौरान बच्चों को जन्म दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ये सभी बच्चे कुंभ क्षेत्र के केंद्रीय अस्पताल में जन्मे हैं, जहां 105 लोग काम करते हैं। इसमें 4 स्त्री रोग विशेषज्ञ भी शामिल हैं। इसके बारे में बताया गया कि कुछ महिलाओं को उनके परिवार ने अस्पताल पहुंचाया। जबकि कुछ को मेला क्षेत्र में तैनात एंबुलेंस के जरिए लाया गया, जहां डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध थी। 11 बच्चों ने लिया जन्म
बताया जा रहा है कि अब तक केंद्रीय अस्पताल में 11 बच्चों का जन्म हो चुका है। वहीं कर्ण अस्पताल में भी एक बच्चे ने जन्म लिया। इन महिलाओं में से कुछ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों जैसे बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, जौनपुर से आई थीं। जबकि कुछ अन्य राज्य जैसे झारखंड, मध्य प्रदेश और राजस्थान से भी कुंभ में आई थीं। साथ ही इनमें से कुछ महिलाएं कुंभ मेले में काम करने वाले अस्थायी कर्मचारियों की पत्नियां थीं। इसके अलावा कुछ व्यापारिक परिवारों से आई थीं, जो अपने रिश्तेदारों के साथ मेला देखने पहुंचे थे।