logo

चंपई सोरेन ने किया दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में झारखंड पवेलियन का उद्घाटन

champai1.jpg

नई दिल्ली
दुनिया के सबसे बड़े मेले में से एक भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला का शुभारंभ आज से प्रगति मैदान हो गया है। झारखंड के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवम पिछड़ा वर्ग कल्याण सह परिवहन मंत्री चंपई सोरेन ने मेले में बने झारखंड पवेलियन का उद्घाटन किया। बता दें कि जी 20 समिट के बाद प्रगति मैदान में यह दूसरा बड़ा आयोजन हो रहा है। मेले में इस वर्ष की थीम वसुधैव कुटुंबकम् है। इसमें झारखंड प्रदेश फोकस स्टेट के रूप में भाग ले रहा है। साथ ही झारखंड अपनी गरिमामई उपस्थिति दर्ज करा रहा है।

भगवान बिरसा की पूजा की 

मंत्री चंपई सोरेन ने भगवान बिरसा की पूजा कर पवेलियन का शुभारंभ किया। मंत्री ने सभी स्टॉल का अवलोकन किया। मंत्री ने कहा कि झारखंड प्रदेश अपने खनिज भंडार और संस्कृत के लिए जाना जाता है। हम अपने प्रदेश के सूक्ष्म और लघु उद्योग को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहे हैं। भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला अपनी परंपरा, संस्कृति और क्षेत्रीय उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का ये अच्छा मौका है। इस अवसर पर झारखंड सरकार के उद्योग विभाग के सचिव जितेन्द्र कुमार सिंह, उद्योग निदेशक भोर सिंह यादव भी उपस्थित रहे।

झारखंड की ओर से लगाये गये हैं 34 स्टॉल 
भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में उद्योग निदेशालय झारखंड सरकार द्वारा बनाए गए हिस्से में क्षेत्रीय उत्पादों के 20 स्टॉल लगाए गए हैं। इसमें लोग झारखंड में बनी वस्तुओं की प्रदर्शनी देख सकेंगे और क्रय कर सकेंगे। साथ ही झारखंड सरकार के लगभग 14 विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं। जिसमें लोग विभाग के बारे में और योजनाओं की जानकारी ले सकेंगे।