असम
भूटान के प्रधानमंत्री दाशो शेरिंग तोबगे सोमवार को आधिकारिक दौरे पर असम पहुंचे। गुवाहाटी के कोइनाधोरा स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में असम सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रियों ने उनका भव्य स्वागत किया। भूटान के प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए असम के कैबिनेट मंत्री अतुल बोरा, पुलिस महानिदेशक हरमीत सिंह, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव नरसिंग पवार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान अतुल बोरा ने कहा कि प्रधानमंत्री तोबगे की यह यात्रा असम और भूटान के बीच संबंधों को और मजबूत बनाएगी तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को नई दिशा देगी।

असम पहुंचने पर भूटान PM का भव्य स्वागत
स्वागत के बाद अतुल बोरा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि गुवाहाटी में भूटान के प्रधानमंत्री का स्वागत करना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि असम और भूटान के बीच पारस्परिक विश्वास, सद्भाव और गहरे सामाजिक-सांस्कृतिक संबंधों पर आधारित प्राचीन रिश्ता रहा है। बोरा ने कहा कि दोनों क्षेत्रों के बीच पीढ़ियों से जन-संपर्क साझा परंपराओं और सहयोग की मजबूत विरासत रही है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में असम ने भूटान के साथ अपने ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत किया है।

राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य से करेंगे मुलाकात
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री तोबगे की यह यात्रा दोनों पक्षों के बीच सद्भावना, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सहयोग के नए अवसर खोलेगी। लोक भवन के प्रवक्ता के अनुसार भूटान के प्रधानमंत्री राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से भी मुलाकात करेंगे। हालांकि, उनकी यात्रा का विस्तृत कार्यक्रम आधिकारिक तौर पर जारी नहीं किया गया है। गौरतलब है कि भूटान और असम के बीच लंबे समय से व्यापार, पर्यटन और सांस्कृतिक संबंध रहे हैं। विशेष रूप से असम के पश्चिमी और उत्तरी जिलों में दोनों क्षेत्रों के लोगों के बीच गहरा जुड़ाव देखने को मिलता है।