उत्तरप्रदेश:
वाराणसी में भोजपुरी के जाने-माने गायक और अभिनेता रितेश रंजन पांडेय से 10 लाख रुपये रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। रितेश पांडेय की शिकायत पर सारनाथ पुलिस ने पैगंबरपुर निवासी बुलबुल यादव और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोप है कि फोन पर गाली-गलौज करते हुए रंगदारी मांगी गई और रुपये नहीं देने पर जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। वहीं, प्रयागराज में भी जमीन दिखाने के बहाने बुलाकर 25 लाख रुपये रंगदारी मांगने और झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का मामला भी सामने आया है।

फोन कर मांगे 10 लाख रुपये, जान से मारने की धमकी का आरोप
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को पैगंबरपुर निवासी बुलबुल यादव ने तिलमापुर निवासी रितेश रंजन पांडेय को फोन किया था। आरोप है कि फोन पर गाली-गलौज करते हुए 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। रितेश पांडेय ने जब रुपये देने से इनकार किया, तो आरोपी ने कथित तौर पर जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी। रितेश ने अपनी शिकायत में बताया कि फोन पर बुलबुल यादव के साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। उसने भी कथित तौर पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद रितेश पांडेय ने पुलिस से शिकायत कर सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
.jpeg)
मोबाइल नंबर के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
मामला दर्ज होने के बाद सारनाथ पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल नंबर के आधार पर उनकी लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार, शनिवार रात तक आरोपी का मोबाइल बंद बता रहा था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सारनाथ पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम को भी लगाया गया है। पुलिस के अनुसार, पैगंबरपुर निवासी बाबूलाल यादव का नाम पहले भी रंगदारी मांगने के एक मामले में सामने आ चुका है। आरोप है कि उसने सारनाथ के एक पूर्व थाना प्रभारी को भी धमकी दी थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
.jpeg)
2025 में जन सुराज के टिकट पर लड़ा था विधानसभा चुनाव
रितेश रंजन पांडेय भोजपुरी संगीत और अभिनय के क्षेत्र में जाना-पहचाना नाम हैं। वर्ष 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के टिकट पर रोहतास जिले की करगहर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था।
प्रयागराज में भी 25 लाख रंगदारी मांगने का आरोप
इसी तरह का एक मामला प्रयागराज के औद्योगिक क्षेत्र थाना क्षेत्र से सामने आया है। मवैया निवासी ग्राम पंचायत अधिकारी धनंजय यादव ने एक महिला समेत कुछ लोगों पर जमीन दिखाने के बहाने बुलाकर 25 लाख रुपये रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जमीन दिखाने के बहाने बुलाने का आरोप
धनंजय यादव की तहरीर के मुताबिक, पांच सितंबर की रात एक महिला ने उन्हें फोन किया था। अगले दिन दोबारा फोन कर महिला ने अपना नाम सुधा वर्मा उर्फ अशु वर्मा बताया और जमीन खरीदने की बात कही। महिला ने खुद को जमीन की खरीद-फरोख्त का काम करने वाला बताया। आरोप है कि सात सितंबर को महिला ने धनंजय यादव को पीवीआर के पास बुलाया और जमीन से जुड़े कागजात दिए। इसके अगले दिन यानी आठ सितंबर को महिला ने उन्हें नए यमुना पुल के पास बुलाया और जमीन दिखाने के लिए चलने को कहा।
25 लाख रुपये नहीं देने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी
तहरीर के अनुसार, रास्ते में धनंजय यादव अपने घर से रुपये लेने के लिए चले गए। इसी दौरान महिला फोन आने की बात कहकर वहां से चली गई। आरोप है कि नौ सितंबर को महिला ने धनंजय यादव को फोन किया और 25 लाख रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि रुपये नहीं देने पर उसे दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपों की जांच कर रही है।