गुवाहाटी
असम के मुख्यमंत्री (Chief Minister) हिमंता बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) ने बोंगाईगांव जिले में 711 करोड़ के कई इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स (Infrastructure Projects) का उद्घाटन किया, जिसमें बोंगाईगांव मेडिकल कॉलेज (Medical College) और अस्पताल भी शामिल है। मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन करने के बाद सरमा ने कहा, "आज जिन सभी प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शुरुआत की गई है, उनमें बोंगाईगांव मेडिकल कॉलेज और अस्पताल सबसे महत्वपूर्ण है।" सरमा ने बताया कि 611 करोड़ की लागत से बना यह मेडिकल कॉलेज और अस्पताल असम का 15वां मेडिकल कॉलेज है। उन्होंने कहा कि यहां सोमवार से मेडिकल एजुकेशन (Medical Education) और हेल्थकेयर सर्विस (Healthcare Services) शुरू हो जाएंगी।
.jpeg)
राज्य में केवल 6 मेडिकल कॉलेज और अस्पताल थे
सरमा ने कहा कि पहले बोंगाईगांव में मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की मांग को लेकर हिचकिचाहट और संदेह था। असम में मेडिकल एजुकेशन के विस्तार का ज़िक्र करते हुए सरमा ने कहा कि 2014 में BJP के नेतृत्व वाली सरकार के सत्ता में आने से पहले राज्य में केवल छह मेडिकल कॉलेज और अस्पताल थे। उन्होंने कहा, "तब से यह संख्या बढ़कर 17 हो गई है, जिसमें AIIMS और ESIC भी शामिल हैं।" उन्होंने आगे बताया कि चराइदेव, बिस्वनाथ चारियाली, गोलाघाट, मोरीगांव, तामुलपुर, धेमाजी, शिवसागर, करीमगंज और गोलपाड़ा में नौ और मेडिकल कॉलेज बनाने का काम चल रहा है।

पांच वर्षों की उपलब्धि बताई
मुख्यमंत्री ने पिछले पांच वर्षों में बोंगाईगांव के विकास को भी याद किया और 'असम माला' के तहत सड़क कनेक्टिविटी, कन्वेंशन हॉल, बोंगाईगांव स्टेडियम, इंजीनियरिंग कॉलेज और मेडिकल कॉलेज जैसे प्रोजेक्ट्स का ज़िक्र किया। उन्होंने कहा, "मैंने व्यक्तिगत रूप से पिछले पांच वर्षों में बोंगाईगांव जिले के विकास को देखा और महसूस किया है। 'असम माला' के तहत सड़क कनेक्टिविटी, बोंगाईगांव कन्वेंशन हॉल, बोंगाईगांव स्टेडियम, इंजीनियरिंग कॉलेज से लेकर मेडिकल कॉलेज तक, इन सभी ने बोंगाईगांव को एक आधुनिक शहर बना दिया है।"
