logo

दिल्ली : हनीट्रैप का शिकार हुआ एयरफोर्स अधिकारी, दुश्मन के साथ बांटी देश की खुफिया जानकारी

Honeytrap.jpg

दिल्ली: 

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने भारतीय वायुसेना के एक सार्जेंट को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इस सार्जेंट ने भारत की सुरक्षा से संबंधित गोपनीय जानकारियां दुश्मन के साथ साझा की। गौरतलब है कि वायुसेना के इस अधिकारी की गिरफ्तारी बीते 6 मई को ही की गई थी लेकिन अब आधिकारिक जानकारी दी गई है। कहा जा रहा है कि वायुसेना का अधिकारी हनीट्रैप का शिकार हो गया था।

 

वायुसेना का अधिकारी हनीट्रैप का शिकार
दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने नाम ना छापने की शर्त पर बताया कि भारतीय वायुसेना का अधिकारी हनीट्रैप का शिकार हो गया था। उसने महिला के साथ सुरक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारियां साझा कीं। गिरफ्तार सार्जेंट की पहचान देवेंद्र कुमार शर्मा के रूप में की गई है। देवेंद्र कुमार शर्मा मूलरूप से यूपी के कानपुर का रहने वाला है औऱ फिलहाल एयरफोर्स रिकॉर्ड ऑफिस में एडमिनिस्ट्रेटेटिव अस्टिटेंट के रूप में काम करता है। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार अधिकारी से पूछताछ में जुटी है।

क्राइम ब्रांच ने गोपनीय सूचना पर कार्रवाई की
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि 6 मई को दिल्ली क्राइम ब्रांच की एक टीम को गोपनीय सूचना मिली थी भारतीय वायुसेना का सार्जेंट देवेंद्र कुमार शर्मा संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त है। ये भी सूचना मिली की देवेंद्र हनीट्रैप का शिकार हो चुका है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस बात की प्रबल आशंका है कि इसके पीछे पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई का हाथ है। 

दुश्मन के साथ साझा करता था खुफिया जानकारी
गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने देवेंद्र शर्मा को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान पता चला कि शर्मा लगातार देश की सुरक्षा से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं दुश्मन के साथ साझा कर रहा था। यही नहीं, वो भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों, अधिकारियों और उपकरणों के विषय में भी जानकारी साझा कर रहा था।

ये भी सूचना मिली है कि देवेंद्र शर्मा को दुश्मन की तरफ से पैसे भी मिले। क्राइम ब्रांच को आरोपी की पत्नी के बैंक अकाउंट्स से कुछ संदिग्ध ट्रांजेक्शन की भी जानकारी मिल रही है। 

पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुटी है
अधिकारी ने बताया कि फिलहाल मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि सार्जेंट देवेंद्र कुमार शर्मा के साथ कौन-कौन व्यक्ति इस कांड में लिप्त था। उस नंबर का पता लगा लिया गया है जिसके जरिए देवेंद्र शर्मा से संपर्क साधा जाता था।