द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश से होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर सबको चौंका दिया है। सपा ने पार्टी के वरिष्ठ नेता और अखिलेश यादव के चाचा रामगोपाल यादव के साथ उद्योग जगत से जुड़े धनराज परिमल नाथवानी को उम्मीदवार बनाया है। दोनों उम्मीदवार बुधवार को अखिलेश यादव की मौजूदगी में नामांकन दाखिल करेंगे। धनराज नाथवानी रिलायंस इंडस्ट्रीज से जुड़े वरिष्ठ कॉरपोरेट अधिकारी हैं और उद्योगपति व राज्यसभा सांसद परिमल नथवानी के बेटे हैं।

झारखंड राज्यसभा चुनाव के बाद बदला राजनीतिक समीकरण
धनराज नथवानी के उम्मीदवार बनाए जाने को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि उनके पिता परिमल नथवानी जून 2026 में झारखंड से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं। उस चुनाव में परिमल नथवानी भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में थे। झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा के सभी विधायकों ने मतदान किया था। परिणाम में JMM के बैद्यनाथ राम को 30 वोट, परिमल नथवानी को 28 वोट और कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा को 20 वोट मिले, जबकि तीन वोट अमान्य घोषित हुए। इसके बाद बैद्यनाथ राम और परिमल नथवानी को विजेता घोषित किया गया।

कांग्रेस ने लगाया था क्रॉस वोटिंग का आरोप
परिमल नथवानी की जीत के बाद कांग्रेस की ओर से क्रॉस वोटिंग के आरोप लगाए गए थे। चुनाव से पहले कांग्रेस ने महागठबंधन के सभी विधायकों के समर्थन की उम्मीद जताई थी, लेकिन परिणाम में उसके उम्मीदवार प्रणव झा को 20 वोट ही मिले। वहीं NDA समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी 28 वोट हासिल कर राज्यसभा पहुंच गए। चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस की ओर से गठबंधन के भीतर क्रॉस वोटिंग को लेकर सवाल उठाए गए थे। अब करीब तीन महीने बाद परिमल नथवानी के बेटे धनराज नथवानी को अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है।