द फॉलोअप डेस्क
नीट और सीबीएसई के बाद अब एसएससी जीडी परीक्षा में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया में वायरल तस्वीरों में अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर हंगामा करते देखा जा सकता है। कई परीक्षा केंद्र के भीतर अभ्यर्थियों ने कम्प्यूटर तोड़ दिया तो कहीं परीक्षा केंद्र के बाहर जमकर तोड़फोड़ मचाई। इतना ही नहीं, कई जगहों पर सैकड़ों अभ्यर्थी रोड जाम करने के लिए सड़क पर बैठ गये। मामला दरअसल, यह है कि अर्धसैनिक बलों में कांस्टेबल पद पर भर्ती के लिए आयोजित एसएससी जीडी परीक्षा में यूपी और बिहार के कई परीक्षा केंद्रों पर क्षमता से ज्यादा छात्र बुला लिए गए।

अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा
लखनऊ में जब इस वजह से परीक्षा रद्द कर दी गई तो अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रयागराज के गंगापार सरायइनात के अंदावा स्थित सुनीता सिंह सीता सिंह महाविद्यालय के आई-टेक जोन परीक्षा केंद्र में सीटों के आवंटन की बड़ी गलती सामने आई। यहां परीक्षा कराने की जिम्मेदारी बेंगलुरु की कंपनी को दी गई थी। यहां कुल 650 कंप्यूटर उपलब्ध थे, लेकिन कंपनी ने 505 की जगह 1035 अभ्यर्थियों को सेंटर अलॉट किया। अभ्यर्थियों को सिस्टम नहीं मिला तो नाराज हो गये और जमकर तोड़फोड़ मचाई। चित्रकूट, अयोध्या, मऊ और फतेहपुर में भी ऐसी घटना सामने आई। बिहा के मुजफ्फरपुर स्थित बीबी कॉलेज परिसर स्थित परीक्षा केंद्र में भी अचानक परीक्षा रद्द कर दी गई। गोरखपुर के सेंट्र एंड्रयूज कॉलेज में भी भारी हंगामा हुआ।

5 जिलों की परीक्षा रद्द
एक अन्य रिपोर्ट में के मुताबिक प्रयागराज में एसएससी कांस्टेबल जीडी परीक्षा के दौरान बड़ा हंगामा देखने को मिला, परीक्षा केंद्र पर सीटिंग व्यवस्था से अधिक अभ्यर्थियों को बुलाए जाने से छात्र भड़क गए। परीक्षा स्थगित होने की सूचना मिलते ही नाराज अभ्यर्थियों ने केंद्र में तोड़फोड़ शुरू कर दी, इस दौरान कंप्यूटर, लैपटॉप और फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया गया, बताया जा रहा है कि केंद्र पर 650 कंप्यूटर होने के बावजूद हजारों अभ्यर्थी पहुंच गए थे, जिससे अव्यवस्था फैल गई। हंगामे के दौरान एक छात्र को लैपटॉप लेकर भागने के आरोप में हिरासत में लिया गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया। घटना के बाद एसएससी ने प्रयागराज समेत कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर और मुजफ्फरपुर में परीक्षाएं रद्द कर दीं।
