logo

शर्मनाक : हरियाणा और झारखंड के बाद अब गुजरात में भी पुलिसकर्मी की वाहन से कुचलकर हत्या

a288.jpg

डेस्क: 

हरियाणा (Haryana) और झारखंड (Jharkhand) के बाद अब गुजरात (Gujrat) में भी एक पुलिसकर्मी की वाहन से कुचलकर हत्या कर दी गई। मामला गुजरात को बोरसाड (Borsad) का है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक बुधवार की दोपहर तकरीबन 1 बजे ट्रक ने राज किरण (Raj Kiran) नाम के पुलिसकर्मी किरण राज को कुचल दिया। गंभीर हालत में पुलिसकर्मी को अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।


 
चालक की तलाश कर रही है पुलिस
जिले के डीएसपी अजीत राय (DSP Ajit Roy) ने बताया कि बोडसाड में पुलिस कांस्टेबल किरण राज ने एक संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया। ट्रक चालक ने रूकने की बजाय रफ्तार बढ़ा दी और कांस्टेबल को कुचल दिया। पुलिसकर्मी को कुचलने के बाद चालक ट्रक को वहीं छोड़कर फरार हो गया। ट्रक राजस्थान (Rajasthan) का है। पुलिसकर्मी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। डीएसपी ने बताया कि चालक की पहचान कर ली गई है। उसकी तलाश जारी है।

 

झारखंड में एसआई की हत्या कर दी गई
गौरतलब है कि बुधवार के अहले सुबह झारखंड की राजधानी रांची (Ranchi) स्थित तुपुदाना थाने (Tupudana Police Station) में पदस्थापित एसआई संध्या टोपनो (SI Sandhya Topno) की हत्या भी वाहन से कुचलकर कर दी गई। घटना सुबह तकरीबन 3 बजे की है। दरअसल, गौ-तस्करी की सूचना पर छानबीन के लिए एसआई संध्या टोपनो घटनास्थल पर गई थीं।

जांच के दौरान उनको सामने से एक संदिग्ध पिकअप वैन आता दिखा। संध्या टोपनो ने वाहन को रूकने का इशारा किया लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ाकर संध्या टोपनो को कुचल दिया। घटना में संध्या टोपनो की मौत हो गई। पुलिस ने 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों ने मामले की सीबीआई जांच की मांग ही है। दिवंगत एसआई संध्या टोपनो 2018 बैच की एसआई थीं। 

हरियाणा में डंपर ने डीएसपी को कुचल दिया
इससे पहले मंगलवार को हरियाणा (Haryana) के नूंह जिला (Nuh District) स्थित तवाडू इलाके में एक डीएसपी की वाहन से कुचलकर हत्या कर दी गई। डीएसपी सुरेंद्र सिंह (DSP Surendra Singh) अवैध खनन की गुप्त सूचना पर औचक निरीक्षण के लिए गये थे।

उनके साथ उनका चालक, 2 पुलिसकर्मी और 1 गनमैन था। वे वहां से गुजरने वाले वाहनों के कागजातों की जांच कर रहे थे कि तभी एक संदिग्ध डंपर आता दिखा। डीएसपी ने चालक से रूकने का इशारा किया लेकिन उसने रफ्तार बढ़ाकर डीएसपी को कुचल दिया।