logo

अलर्ट : भारत में मंकीपॉक्स से पहली मौत, केरल में UAE से लौटे युवक ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

A28.jpg

डेस्क: 

केरल में मंकीपॉक्स वायरस से संक्रमित 1 व्यक्ति की मौत हो गई। मंकीपॉक्स संक्रमित मरीज 22 जुलाई को संयुक्त अरब अमीरात से भारत लौटा था। 27 जुलाई को मंकीपॉक्स का लक्षण दिखने पर उसकी जांच की गई। पॉजिटिव पाए जाने पर उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया था जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। केरल सरकार के आधिकारिक सूत्रों ने ये जानकारी दी। गौरतलब है कि भारत में मंकीपॉक्स का पहला मामला केरल से ही मिला था। वहां 3 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। 

केरल के पुन्नयूर गांव का रहने वाला था
मंकीपॉक्स से जान गंवाने वाला व्यक्ति केरल के पुन्नयूर गांव का रहने वाला था। गांव का दौरा करने पहुंची शिक्षा और स्वास्थ्य स्थायी समिति की सदस्य रेंजिनी ने बताया कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। अभी यहां किसी प्रकार के दहशत की बात नहीं है। मृत व्यक्ति परिवार के सदस्यों तथा कुछ दोस्तों सहित कुल 10 लोगों के सीधा संपर्क में आया था। अब तक 20 लोगों को क्वारंटीन किया गया है। रेंजिनी ने बताया कि हालात पर नजर रखी जा रही है। चिंता की बात नहीं है। 

पुन्नयूर गांव के लोगों ने अहम बैठक की
दरअसल, ये पूरा मामला केरल के त्रिशूर जिला स्थित पुन्नयूर गांव का है। एक व्यक्ति की मौत होने के बाद यहां पुन्नयूर ग्राम पंचायत के ग्राम सदस्यों ने हालात की समीक्षा के लिए बैठक का आयोजन किया। बैठक में मंकीपॉक्स के खतरे तथा बचाव पर विस्तृत चर्चा की गई।

लोगों को इस वायरस के प्रति जागरूक करने का भी फैसला किया गया।