द फॉलोअप डेस्क:
यूपी के लखनऊ में एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लग गई है। मामला अलीगंज इलाके का है। दमकल कर्मी आग बुझाने में लगे है। सोशल मीडिया में वायरल तस्वीरों में दिख रहा है कि पूरी इमारत धू-धूकर जल रही है। अभी हताहतों को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। मिली जानकारी के मुताबिक दमकल की 14 गाड़ियों को आग बुझाने के काम में लगाया है। कई तस्वीरें ऐसी भी सामने आई है जिसमें छात्रों को कोचिंग सेंटर की इमारत से नीचे कूदते हुए देखा जा सकता है। मृतकों और घायलों को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
अलीगंज में कोचिंग में लगी आग.. लपटों की चपेट में आकर पूरी बिल्डिंग हुई स्वाहा..
— Vivek K. Tripathi (@meevkt) June 22, 2026
कोचिंग में कितने लोग थे!! आग कैसे लगी!! आग से बचाव के क्या इंतजाम थे!! ये डिटेल थोड़ी देर में.. #Fire #Coaching #Lucknow #UttarPradesh #Police #UPPolice pic.twitter.com/SPLZomViR0
लाइब्रेरी और कंप्यूटर कोर्स संस्थान है
घटनास्थल पर मौजूद एक चश्मदीद अमन ने बताया कि यहां एक लाइब्रेरी और कंप्यूटर कोर्स का संस्थान है। अमन ने बताया कि जब हम यहां पहुंचे, तो इमारत से धुआं निकलता देखा। अमन का दावा है कि हमने कम से कम 5-6 लोगों को बचाया। उन्होंने बताया कि आग लगने के बाद एक व्यक्ति इमारत से कूद गया, जिसकी वजह से उसकी रीढ़ की हड्डी टूट गई और हाथ-पैरों में गंभीर चोट आई। उन्होंने कहा कि हमने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। अगले 15 मिनट तक कोई नहीं आया। कुछ पुलिसवाले आए लेकिन, वह घूमते रहे। उन्होंने कहा कि जो लोग भीतर फंस गए थे, उनके जिंदा बचने की संभावना नगण्य है।

इमारत के भीतर फंसे 10-12 लोग
दमकल विभाग के एक अधिकारी ने जानकारी दी है कि इमारत के भीतर 10-12 लोग फंसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि आग की लपटें इतनी भीषण थी कि, दमकलकर्मी इमारत के भीतर नहीं जा पाए। उन्होंने कहा कि आग बुझाने के बाद भी भीतर धुआं और ताप इतना ज्यादा है कि भीतर जाने के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा। उन्होंने कहा कि भीतर फंसे लोगों की स्थिति की जानकारी नहीं है।