द फॉलोअप, रांची
देवघर डीसी की सौरभ कुमार भुवानिया अध्यक्षता में आज भादो मेला के सुरक्षित और सफल संचालन को लेकर बैठक की गयी। बैठक का मुख्य उद्देश्य सरदार पंडा, पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष, महामंत्री, सभी सदस्य सभी विभागों और तीर्थपुरोहितों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, जिससे भादो मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाएं, निर्बाध बिजली और पानी की आपूर्ति जैसे आवश्यक इंतजामों को पूरी तरह दुरुस्त किया जा सके। इसके अलावा बैठक के दौरान राजकीय श्रावणी मेला से जुड़े विभिन्न बिन्दुओं पर विस्तृत चर्चा की गई, ताकि सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सके। आगे पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष, महामंत्री और उपस्थित सदस्यों और तीर्थ पुरोहित समाज के प्रबुद्ध जनों ने राजकीय श्रावणी मेला के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन के लिए देवघर जिला प्रशासन की टीम को सामूहिक रूप से धन्यवाद ज्ञापित किया गया। सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा इस वर्ष श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, सुलभ जलार्पण, साफ-सफाई और रूटलाइन में बिजली-पानी की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी। प्रशासन के इस सराहनीय और समर्पित कार्य प्रणाली के कारण ही देश-विदेश से आने वाले लाखों शिवभक्तों को एक सुखद और सुगम आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त हुआ। इसके साथ ही पंडा धर्मरक्षिणी सभा ने आगामी भादो मेला के सफल संचालन को लेकर भी अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। सभा ने जिला प्रशासन को आश्वस्त किया कि श्रावणी मेला की तरह ही भादो मेला में भी श्रद्धालुओं की बेहतर सुविधा और सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के लिए पंडा समाज प्रशासन को हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।

सैनिटाइजेशन और सूचना केंद्र पर जोर
इसके अलावा उपायुक्त ने बैठक के दौरान स्पष्ट निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सेवा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि भादो मेला के दौरान निर्बाध बिजली और शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही, पूरे मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की उत्तम व्यवस्था के लिए अतिरिक्त सफाईकर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने और नियमित सैनिटाइजेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्वास्थ्य सेवाएं, मेडिकल कैंप और पर्याप्त संख्या में एम्बुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया। आगे भादो मेला के दौरान कांवरियों की सुविधा के लिए मंदिर के आसपास के प्रमुख क्षेत्रों में 'भादो मेला सूचना सह सहायता केंद्र' का संचालन का निर्देश दिया गया, ताकि केंद्र के माध्यम से खोया-पाया, रूट चार्ट, अर्घ्य अर्पण का समय और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां लगातार प्रसारित की जाएंगी, ताकि बाहर से आने वाले भक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी,अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी, कार्यपालक अभियंता (पेयजल एवं स्वच्छता प्रमण्डल), कार्यपालक अभियंता (विद्युत आपूर्ति/कार्य प्रभाग), जिला खेल पदाधिकारी-सह-सहायक मंदिर प्रभारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी व संबंधित विभाग के अधिकारी व कर्मी आदि उपस्थित थे।
.jpeg)