द फॉलोअप, रांची
राज्य सरकार ने JPSC और JSSC में नियुक्त, पदस्थापित और आउट सोर्स पर रखे जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की सेवा शर्त तय करने के लिए विकास आयुक्त की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। कार्मिक एवं वित्त सचिव इस कमेटी के सदस्य होंगे।
कमेटी सुझाएगी कि इन दोनों संस्थाओं में किस तरह के और कौन से कर्मचारी या अधिकारी पदस्थापित, प्रतिनियुक्त या आउट सोर्स पर रखे जाएंगे।

जानकारी के अनुसार उपरोक्त आयोगों में कई तरह से कर्मी और अधिकारी पदस्थापित होते हैं। उनमें राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी, सचिवालय सेवा के अधिकारी, स्वीकृत पदों पर आयोग द्वारा खुद रखे गए कर्मी और आउट सोर्स पर लिए जाने वाले कर्मी। आयोगों में इस तरह के अधिकारियों और कर्मचारियों की क्या सेवा शर्त हो, उच्च स्तरीय कमेटी अध्ययन के बाद सरकार को अपनी अनुशंसा करेगी। मालूम हो कि हाल में जेपीएससी और जेएसएससी में हुए कथित घोटाले के पर्दाफाश के बाद वहां पदस्थापित होने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों की निष्ठा पर भी सवाल खड़े हुए हैं। इसके बाद सरकार ने सुधार की दृष्टि से यह निर्णय लिया है।
