द फॉलोअप डेस्क
अजित पवार के विमान हादसे में निधन पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सम्राट चौधरी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल के जरिये दु:ख प्रकट करते हुए लिखा "महाराष्ट्र के बारामती में हुई भीषण हवाई जहाज दुर्घटना में महाराष्ट्र के माननीय उपमुख्यमंत्री एवं NCP के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अजीत पवार जी सहित कई लोगों के निधन का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति"
वहीं तेजस्वी यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल के जरिये संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा "महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री श्री अजित पवार जी के आकस्मिक निधन की खबर से अत्यंत मर्माहत और स्तब्ध हूँ! मेरी हार्दिक संवेदनाएं उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के साथ हैं।".jpeg)
मालूम हो कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के साथ आज एक अत्यंत दुखद और भीषण हादसा हो गया। 28 जनवरी की सुबह पुणे के बारामती में उनका निजी चार्टर्ड विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हृदयविदारक हादसे में अजित पवार समेत विमान में सवार सभी लोगों की मृत्यु हो गई। अजित पवार आज बारामती में जिला परिषद चुनाव से जुड़ी कई जनसभाओं और कार्यक्रमों में शिरकत करने वाले थे, लेकिन गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही यह हादसा हो गया।